bareillyकांवड़ियों को जीरा वितरित करते डीआईजी।

बरेलीश्रावण मास और कांवड़ यात्रा के बीच शुक्रवार को कमिश्नर शंभू कुमार और डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी कांवड़ यात्रा मार्ग पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जमीनी जायजा लिया। उन्होंने कांवड़ियों के बीच पहुंचकर फल और प्रसाद वितरित किया, जबकि पूरे रूट पर सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।

निरीक्षण के दौरान पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन, कंट्रोल रूम, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की एक-एक बिंदु पर समीक्षा की गई। गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को अव्यवस्था या असुविधा का सामना नहीं होना चाहिए और सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।

bareilly

मिशन शक्ति केंद्रों का भी लिया जायजा

कमिश्नर शंभू कुमार और डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बरेली के थाना भमोरा और बदायूं के थाना विनावर में संचालित मिशन शक्ति केंद्रों का निरीक्षण कर महिला सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। महिला सहायता, हेल्पलाइन, परामर्श सेवाओं और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि महिला श्रद्धालुओं को किसी भी स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।

गंगा घाटों पर रहेगा कड़ा पहरा

डीआईजी अजय कुमार साहनी ने निर्देश दिए कि गंगा घाटों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए ताकि स्नान और आवागमन के दौरान किसी तरह की परेशानी या अव्यवस्था पैदा न हो। हर संवेदनशील बिंदु पर लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।

ड्रोन और सीसीटीवी की निगरानी में होगी यात्रा

कांवड़ यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखने का फैसला लिया गया है। डीआईजी ने कहा कि भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सहायता, पार्किंग और यातायात व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ध्वनि विस्तारक यंत्र और डीजे का संचालन भी शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप ही होगा। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, शांति व्यवस्था बिगाड़ने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा से बड़ा कोई काम नहीं

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर शंभू कुमार और डीआईजी अजय कुमार साहनी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान बदायूं के एएसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, सीओ सिटी राहुल पांडेय समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *