चेन्नई। अभिनेता से मुख्यमंत्री बने Vijay ने तमिल फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा तोहफा दिया है। राज्य सरकार ने नई रिलीज फिल्मों के लिए लगातार सात दिनों तक रोजाना पांच शो चलाने की अनुमति दे दी है। लंबे समय से इस मांग को लेकर थिएटर मालिक और फिल्म निर्माता सरकार से गुहार लगा रहे थे। अब इस फैसले को तमिल सिनेमा के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है।
एक हफ्ते तक रोज चलेंगे 5 शो
तमिलनाडु सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक नई रिलीज फिल्मों को रिलीज डेट से अगले सात दिनों तक प्रतिदिन पांच शो दिखाने की मंजूरी होगी। यह नियम वीकेंड, पब्लिक हॉलिडे और स्थानीय त्योहारों पर भी लागू रहेगा। अब तक तमिलनाडु सिनेमा रेगुलेशन नियमों के तहत रोजाना सिर्फ चार शो की अनुमति थी। पांचवां शो चलाने के लिए अलग से प्रशासनिक मंजूरी लेनी पड़ती थी।
थिएटर मालिकों और निर्माताओं को बड़ी राहत
फिल्म इंडस्ट्री के लोगों का कहना है कि बड़े बजट की फिल्मों को शुरुआती सप्ताह में सबसे ज्यादा कमाई होती है। ऐसे में अतिरिक्त शो मिलने से बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में बड़ा इजाफा हो सकता है। सरकार के नए फैसले से मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन थिएटर दोनों को फायदा मिलने की उम्मीद है। फिल्म कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि इससे तमिल सिनेमा की कमाई और दर्शकों की पहुंच दोनों बढ़ेंगी।
डब और री-रिलीज फिल्मों को भी फायदा
सरकार ने साफ किया है कि यह अनुमति सिर्फ नई तमिल फिल्मों तक सीमित नहीं रहेगी। डब फिल्मों, बच्चों की फिल्मों और दोबारा रिलीज होने वाली फिल्मों पर भी यह नियम लागू होगा। डिजिटल और नॉन-डिजिटल दोनों फॉर्मेट की फिल्मों को इसका लाभ मिलेगा।
कमल हासन समेत कई दिग्गज उठा चुके थे मांग
हाल ही में Kamal Haasan समेत तमिल फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े चेहरों ने सरकार के सामने अतिरिक्त शो की मांग रखी थी। इंडस्ट्री का कहना था कि दूसरे राज्यों में सुबह जल्दी और अतिरिक्त शो की अनुमति मिलने से वहां फिल्मों को ज्यादा कमाई का मौका मिलता है।
कानून व्यवस्था भी रही बड़ी चुनौती
तमिलनाडु में सुबह जल्दी शो को लेकर पहले विवाद भी हो चुके हैं। सुपरस्टार्स की फिल्मों के दौरान भारी भीड़ और फैंस के हंगामे के कारण प्रशासन सख्त रुख अपनाता रहा है। इसी वजह से लंबे समय तक सुबह 9 बजे से पहले शो की अनुमति नहीं दी गई। अब सरकार ने संतुलित व्यवस्था के तहत अतिरिक्त शो की मंजूरी देकर फिल्म इंडस्ट्री को राहत देने की कोशिश की है।