bareillyपुलिस की गिरफ्त में जिम संचालक और उसका साथी

बरेली रामपुर गार्डन स्थित हीलियोस जिम में थर्ड जेंडर और उसके साथियों से मारपीट, अभद्रता और कपड़े फाड़ने के मामले में कोतवाली पुलिस ने जिम संचालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया था।

कोतवाली पुलिस ने मामले में प्रेमनगर के राजेंद्र नगर निवासी हीलियोस जिम संचालक अश्वनी शर्मा पुत्र विनोद कुमार और बारादरी के कटरा चांद खां निवासी सुशील कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है।

गाड़ी तोड़ने के विवाद से शुरू हुआ था मामला

प्रेमनगर के कोहाड़ापीर निवासी थर्ड जेंडर सलमान उर्फ मन्नू सूरी के मुताबिक, सात अगस्त की सुबह उसके मुंहबोले भाई विशाल ने फोन कर बताया था कि हीलियोस जिम के बाहर उसकी गाड़ी तोड़ दी गई है। इस पर मन्नू अपने दो साथियों के साथ जिम पहुंचा और संचालक अश्वनी शर्मा से बातचीत की। आरोप है कि रात में गाड़ी तोड़ने वाले की जानकारी मिलने की बात कहकर उन्हें दोबारा जिम बुलाया गया।

जिम पहुंचते ही मारपीट और कपड़े फाड़ने का आरोप

आरोप है कि रात में जिम पहुंचने के बाद बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। वहां मौजूद लोगों ने मन्नू और उसके साथियों से मारपीट की। मन्नू ने छेड़छाड़, कपड़े फाड़ने, निर्वस्त्र कर वीडियो बनाने और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।

वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर जिम संचालक अश्वनी शर्मा समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए अश्वनी शर्मा और सुशील कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आरोपों और लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *