google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSरेलवे स्टेशन पर नरमू पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत करते रेल कर्मचारी।

बरेली। ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) के 102वें वार्षिक अधिवेशन में शामिल होने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के कर्मचारी विशेष ट्रेन से विजयवाड़ा के लिए रवाना हुए। रविवार सुबह विशेष ट्रेन के इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर एनई रेलवे मजदूर यूनियन (नरमू) के पदाधिकारियों और रेल कर्मचारियों ने महामंत्री वसंत चतुर्वेदी का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। अधिवेशन में रेल कर्मचारियों की लंबित मांगों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। एआईआरएफ के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा के आह्वान पर नरमू के महामंत्री वसंत चतुर्वेदी के नेतृत्व में शनिवार को गोरखपुर से विशेष ट्रेन रवाना हुई थी। रविवार सुबह इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर मंडल मंत्री रोहित सिंह और उनकी टीम ने महामंत्री का स्वागत किया। इस दौरान रेल कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

बदायूं, कासगंज और मथुरा में भी हुआ स्वागत

नरमू के इज्जतनगर मंडल के मीडिया प्रभारी आरिफ हुसैन ने बताया कि इज्जतनगर से रवाना होने के बाद बदायूं, कासगंज और मथुरा रेलवे स्टेशनों पर भी स्थानीय यूनियन पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने महामंत्री वसंत चतुर्वेदी, मंडल मंत्री रोहित सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों का स्वागत किया। इस दौरान कर्मचारी एकता और संगठन की मजबूती का संदेश दिया गया। दो से चार दिसंबर तक चलेगा अधिवेशन आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में एआईआरएफ का 102वां वार्षिक अधिवेशन दो से चार दिसंबर तक आयोजित होगा। इसमें देशभर के विभिन्न रेलवे जोन और मंडलों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। अधिवेशन में रेल कर्मचारियों के अधिकारों, समस्याओं और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

आठवें वेतन आयोग समेत कई मुद्दे उठेंगे

अधिवेशन में आउटसोर्सिंग बंद करने, आठवें वेतन आयोग, कैडर रीस्ट्रक्चरिंग, रिक्त पदों को भरने और नए कार्यों के लिए नए पद सृजित करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। इसके अलावा आठ घंटे की ड्यूटी सुनिश्चित करने, जोखिम एवं कठिन ड्यूटी भत्ता देने और रेलवे आवासों की स्थिति में सुधार जैसे मुद्दों पर भी मंथन होगा। स्वागत कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बीएन सिंह, ओमकार सिंह, अतुल सिंह, विनय श्रीवास्तव, इज्जतनगर कारखाना के मंडल अध्यक्ष अनुराग शुक्ला समेत बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी और रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *