up newsपुलिस की गिरफ्त में तीनों आरोपी।

बरेली रिश्तेदार महिला के बकाया रुपये दिलाने और आपत्तिजनक टिप्पणी का बदला लेने के लिए चार लोगों ने इज्जतनगर क्षेत्र से एक युवक का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने उन्हें जबरन कार में बैठाया और पीलीभीत ले जाते समय मारपीट की। पुलिस के पीछे लगने की भनक लगी तो आरोपी छोड़कर फरार हो गए। इज्जतनगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा करते हुए अपहृत को सकुशल बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इज्जतनगर थाना क्षेत्र के बन्नूवान निवासी 50 वर्षीय डालचंद्र पुत्र काशीराम के अपहरण की सूचना रविवार सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस को मिली थी। सूचना थी कि चार पहिया वाहन से आए कुछ लोग डालचंद्र के साथ मारपीट कर उन्हें जबरन कार में बैठाकर ले गए हैं। घटना के प्रत्यक्षदर्शी गगन विहार निवासी गोवर्धन ने पुलिस को कार का नंबर बताया। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू कर दी।

कार की कड़ी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने कार के स्वामित्व और उसकी खरीद-बिक्री से जुड़ी जानकारी जुटाई। जांच में वाहन के वर्तमान उपयोगकर्ता के रूप में जानकी प्रसाद का नाम सामने आया। सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन पीलीभीत के अमरिया थाना क्षेत्र में मिली। इसके बाद इज्जतनगर पुलिस की टीम आरोपियों के पीछे लग गई। पुलिस की सक्रियता की भनक लगने पर अपहरणकर्ता डालचंद्र को अमरिया नहर के पास छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने उन्हें वहां से सकुशल बरामद कर मेडिकल परीक्षण कराया।

कलारी नहर के पास कार समेत दबोचे तीन आरोपी

पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कलारी नहर के पास घेराबंदी कर लकी उर्फ भजनलाल निवासी डिगारा हैदराबाद, अमरिया पीलीभीत, लक्ष्मण निवासी बकसपुर, पीलीभीत और जानकी प्रसाद निवासी ललपुरिया साबह सिंह, न्यूरिया पीलीभीत को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल नीले रंग की कार बरामद हुई।

रिश्तेदार महिला के रुपये को लेकर था विवाद

पूछताछ में लकी और लक्ष्मण ने बताया कि डालचंद्र पर उनकी रिश्तेदार गेदा देवी के रुपये बकाया थे। आरोप है कि रुपये मांगने पर डालचंद्र टालमटोल कर रहे थे। गेदा देवी को लेकर आपत्तिजनक बात कहे जाने से भी आरोपी नाराज थे। इसी रंजिश में लकी, लक्ष्मण, राधे और कार चालक जानकी प्रसाद बरेली पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने डालचंद्र को जबरन कार में बैठाया और रास्ते में उनके साथ मारपीट की। पुलिस के पीछे आने का शक होने पर डालचंद्र को अमरिया नहर के पास छोड़ दिया।

एक आरोपी फरार, तलाश में दबिश

इज्जतनगर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया। घटना में शामिल बताए जा रहे फरार आरोपी राधे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। इज्जतनगर इंस्पेक्टर सुरेश चंद गौतम ने बताया कि अपहरण की सूचना मिलते ही वाहन नंबर और सर्विलांस के आधार पर आरोपियों का पीछा किया गया। अपहृत डालचंद्र को सकुशल बरामद कर तीन आरोपियों को घटना में प्रयुक्त कार समेत गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *