बरेली। शहर की सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे जुगाड़ वाहनों और कदम-कदम पर लगने वाले जाम को लेकर अब पुलिस सख्त रुख अपनाने जा रही है। माधोबाड़ी में जुगाड़ वाहन की चपेट में आकर ढाई साल की मासूम बच्ची की मौत के बाद डीआईजी मुनिराज जी. ने यातायात व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को उन्होंने रेंज कार्यालय में एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान और एएसपी शिवम आशुतोष सिंह के साथ बैठक की। डीआईजी ने अवैध जुगाड़ वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के साथ शहर के प्रमुख चौराहों और फ्लाईओवर के आसपास लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
न रजिस्ट्रेशन, न परमिट, सड़कों पर मौत बनकर दौड़ रहे जुगाड़ वाहन
शहर में बाइकों के इंजन निकालकर तीन पहिया ठेलों और रिक्शों में फिट कर जुगाड़ वाहन तैयार किए जा रहे हैं। बिना रजिस्ट्रेशन और परमिट के संचालित होने वाले इन वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। श्यामगंज, नरकुलागंज, कालीबाड़ी और माधोबाड़ी समेत शहर के तमाम व्यस्त बाजारों में इनकी भरमार है। क्षमता से अधिक सामान लादकर दौड़ने वाले इन वाहनों की बनावट और नियंत्रण व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। गुरुवार को माधोबाड़ी में मासूम की मौत ने इनके खतरनाक संचालन की हकीकत सामने ला दी है।
कैमरों की पकड़ से बाहर, अब सड़कों पर होगी कार्रवाई
जुगाड़ वाहनों पर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं होने के कारण इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) के कैमरों से भी इनके खिलाफ चालान की कार्रवाई नहीं हो पाती है। इसका फायदा उठाकर चालक यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं। अब डीआईजी ने एसपी ट्रैफिक को विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से संचालित ऐसे वाहनों को सड़कों से हटाने के निर्देश दिए हैं।
चौराहों से फ्लाईओवर तक जाम का संकट, विशेष प्लानिंग के साथ उतरेगी पुलिस
बरेली में यातायात व्यवस्था की स्थिति ऐसी है कि सुबह से शाम तक प्रमुख चौराहों और फ्लाईओवर के आसपास वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। कुछ मिनटों का सफर तय करने में लोगों को काफी वक्त लग जाता है। नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को रोजाना इस परेशानी से जूझना पड़ रहा है। शहरवासियों की इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी ने यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा है।
जरूरत के मुताबिक वन-वे होंगे रास्ते, बेतरतीब वाहनों पर लगेगी लगाम
डीआईजी मुनिराज जी. ने निर्देश दिए हैं कि शहर के उन मार्गों को चिह्नित किया जाए, जहां लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। जरूरत के मुताबिक मार्गों को वन-वे किया जाए। चौराहों के आसपास बेतरतीब तरीके से खड़े होने वाले वाहनों को नियंत्रित किया जाए, ताकि यातायात का संचालन सुचारु हो सके। पुलिस विशेष रणनीति के साथ सड़कों पर उतरकर जाम की समस्या दूर करने की दिशा में काम करेगी।
निर्देशों का कितना दिखेगा असर, शहरवासियों को राहत का इंतजार
डीआईजी की सख्ती के बाद अब यातायात पुलिस के सामने दोहरी चुनौती है। एक तरफ अवैध जुगाड़ वाहनों के संचालन पर रोक लगानी है तो दूसरी तरफ जाम से जूझते शहर को राहत दिलानी है। अब देखना होगा कि पुलिस की नई कार्ययोजना धरातल पर कितना असर दिखाती है और शहरवासियों को रोजाना के जाम से कब तक निजात मिलती है।