बरेली। बरेली के हवाई यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। इंडिगो के बाद अब अकासा एयर भी बरेली से हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी में है। पूर्वांचल से लेकर दक्षिण भारत और गोवा-श्रीनगर तक नए हवाई रूट खोलने के लिए एयर ट्रैफिक और यात्रियों की संभावनाओं का आकलन किया जा रहा है। अकासा एयरलाइंस की ओर से दिए गए प्रस्ताव पर हवाई अड्डा प्रशासन स्तर पर सहमति बन गई है। सब कुछ तय कार्यक्रम के मुताबिक रहा तो सर्दियों में बरेली से कई नए शहरों के लिए उड़ानों का रास्ता खुल सकता है।
हवाई अड्डा निदेशक अवधेश अग्रवाल ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान नई उड़ानों की तैयारियों की जानकारी दी। एयरपोर्ट प्रशासन और विभिन्न एयरलाइंस के बीच करीब एक साल से नए रूट शुरू करने को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी कड़ी में अकासा एयर की ओर से बरेली से सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव सामने आया है।
गोवा-श्रीनगर से लखनऊ-वाराणसी तक रडार पर
बरेली से लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और कुशीनगर जैसे पूर्वांचल के महत्वपूर्ण शहरों के अलावा गोवा, श्रीनगर, देहरादून, हैदराबाद, गुवाहाटी और जयपुर के लिए हवाई सेवा की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इन रूटों पर संभावित यात्री संख्या और एयर ट्रैफिक का आकलन किया जा रहा है। अब तक बरेली से पूर्वांचल और उत्तर भारत के कई महत्वपूर्ण शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा उपलब्ध नहीं है। नए रूट शुरू होने पर कारोबारियों, पर्यटकों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी सहूलियत मिल सकती है।
बोइंग B-737 से उड़ान भरेगी अकासा
हवाई अड्डा प्रशासन के मुताबिक अकासा एयरलाइंस नए रूटों पर डबल इंजन वाले बोइंग B-737 विमानों के जरिये सेवा शुरू करने की तैयारी में है। इससे जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। सर्दियों के शेड्यूल में संबंधित हवाई अड्डों पर स्लॉट की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण होगी। स्लॉट और अन्य जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद नए रूटों पर उड़ानों की शुरुआत का रास्ता साफ हो सकेगा।
चार एयरपोर्ट से जुड़ा बरेली, अब नेटवर्क बढ़ाने पर जोर
बरेली हवाई अड्डे से फिलहाल बंगलूरू, नवी मुंबई, दिल्ली और नोएडा के लिए घरेलू हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध है। एयरपोर्ट प्रशासन अब इसका नेटवर्क और व्यापक करने की दिशा में काम कर रहा है। ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण में भी बरेली हवाई अड्डे का प्रदर्शन बेहतर रहा है। इसे प्रदेश में पहला और देश में सातवां स्थान मिला है। नए रूटों के शुरू होने से बरेली के साथ ही पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों को भी इसका फायदा मिलने की उम्मीद है।
एयरपोर्ट विस्तार की भी तैयारी, 23.55 एकड़ जमीन अधिग्रहित
नई उड़ानों के साथ बरेली हवाई अड्डे की क्षमता बढ़ाने की तैयारी भी चल रही है। एयरपोर्ट पर अतिरिक्त एयरक्राफ्ट पार्किंग और टैक्सी-वे बनाने का प्रस्ताव है। हवाई अड्डे के विस्तार के लिए 23.55 एकड़ भूमि का अधिग्रहण पहले ही किया जा चुका है।
हवाई अड्डा निदेशक के मुताबिक ग्राउंड हैंडलिंग सेवाएं देने वाली फर्म के अधिकारियों से भी बातचीत की गई है। उनसे अन्य एयरलाइंस के साथ समन्वय कर बरेली से नई उड़ानों की संभावनाएं तलाशने को कहा गया है। एयरपोर्ट प्रशासन का मानना है कि बरेली और आसपास के बड़े क्षेत्र को देखते हुए यहां हवाई सेवाओं के विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं मौजूद हैं।