बेंगलुरू। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू के चिक्काबनावारा में सामने आए डबल मर्डर ने सनसनी फैला दी है। पुलिस का आरोप है कि हरिनी नाम की महिला ने अपने प्रेमी विनय के साथ मिलकर अपने करोड़पति पति अभिनंदन की हत्या की और वारदात के गवाह बने अपने बेटे यदुवीर की भी गला दबाकर जान ले ली। जांच में प्रेम संबंध, वैवाहिक विवाद और संपत्ति से जुड़े पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
रात 11 बजे प्रेमी को बुलाया, पहले बंद किए CCTV
पुलिस जांच के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने से पहले घर में लगे CCTV कैमरे बंद कर दिए गए थे। आरोप है कि इसके बाद हरिनी ने रात करीब 11 बजे विनय को बुलाया। पुलिस का कहना है कि दोनों ने मिलकर अभिनंदन की हत्या की। वारदात के बाद विनय वहां से निकल गया।
पिता की हत्या का गवाह बना बेटा, फिर उसकी भी हत्या
पुलिस के मुताबिक, अभिनंदन की हत्या के वक्त बेटा यदुवीर वहां मौजूद था और उसने घटना देख ली थी। आरोप है कि हरिनी को डर था कि बच्चा किसी के सामने पिता की हत्या का राज खोल सकता है। इसी आशंका में उसकी भी गला दबाकर हत्या कर दी गई।
पति पर ही बेटे की हत्या डालने की कोशिश का शक
जांचकर्ताओं को संदेह है कि अभिनंदन के शव को बच्चे के शव के ऊपर इस तरह रखने की कोशिश की गई, जिससे मामला ऐसा दिखाई दे कि अभिनंदन ने पहले बेटे की हत्या की और फिर खुद जान दे दी। हालांकि घर में मिले खून के निशानों ने जांच की दिशा बदल दी।
खून के निशान वाले कपड़े धोए, पुलिस को हुआ शक
जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे कपड़ों की जानकारी मिली, जिन पर कथित तौर पर खून के निशान थे। आरोप है कि इन कपड़ों को धोकर बाहर सुखा दिया गया था। इस गतिविधि और घटनास्थल पर मिले अन्य सुरागों के बाद पुलिस का शक हरिनी पर गहराता चला गया।
छह घंटे की पूछताछ में खुलीं परतें
पुलिस ने हरिनी से करीब छह घंटे तक पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसने पति और बच्चे की हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की। मामले में उसके प्रेमी विनय की भूमिका की भी जांच की गई और उसकी तलाश के लिए अभियान चलाया गया।
पहले भी घर छोड़ चुकी थी हरिनी
डीसीपी एन. नागेश के मुताबिक, अभिनंदन और हरिनी के वैवाहिक संबंधों में काफी समय से तनाव था। दोनों के बीच विवाद और झगड़े होते रहते थे। हरिनी कुछ समय के लिए घर छोड़कर भी चली गई थी, लेकिन बाद में दोनों फिर साथ रहने लगे थे। जांच में पुलिस को हरिनी और विनय के बीच संबंध होने की जानकारी भी मिली।
परिवार की सदस्य जयम्मा ने भी पुलिस को बताया कि उन्हें पहले से हरिनी पर संदेह था। करीब तीन महीने पहले उसके घर छोड़ने और एक पत्र लिखकर जाने की बात भी सामने आई है।
करोड़ों की संपत्ति का इकलौता वारिस था अभिनंदन
पुलिस के अनुसार अभिनंदन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसके नाम करोड़ों रुपये की संपत्ति थी। चिक्काबनावारा में उसका तीन मंजिला मकान भी बताया गया है। जांच में संपत्ति को लेकर हत्या की साजिश रचे जाने के पहलू की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम और दोनों आरोपियों की भूमिका से जुड़े साक्ष्यों को जोड़कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।