up newsविक्रेताओं को बढ़े हुए लाभांश के प्रतीकात्मक चेक सौंपे।

बरेली। राशन वितरण के बदले मिलने वाले लाभांश में सरकार ने बड़ा इजाफा कर उचित दर विक्रेताओं को राहत दी है। अब राशन डीलरों को प्रति क्विंटल 90 रुपये के बजाय 125 रुपये मिलेंगे। यानी हर क्विंटल पर सीधे 35 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इस फैसले का बरेली जिले के 1756 उचित दर विक्रेताओं को फायदा मिलेगा। सोमवार को मुख्यमंत्री ने लखनऊ के लोकभवन में इसकी घोषणा की, जिसका जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में लाइव प्रसारण किया गया।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद उचित दर विक्रेताओं की खाद्यान्न वितरण से होने वाली आय में सीधा इजाफा होगा। अभी तक उन्हें प्रति क्विंटल 90 रुपये लाभांश मिलता था, जिसे बढ़ाकर 125 रुपये कर दिया गया है। सरकार बढ़ी हुई 35 रुपये प्रति क्विंटल की रकम अपने बजट से देगी। बरेली में संचालित 1756 उचित दर दुकानों के विक्रेता इसके दायरे में आएंगे। जीआईजी ऑडिटोरियम में हुए मुख्य कार्यक्रम में भोजीपुरा, बिथरी चैनपुर, शहर और कैंट विधानसभा क्षेत्र के राशन डीलर पहुंचे। वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने विक्रेताओं को बढ़े हुए लाभांश के प्रतीकात्मक चेक सौंपे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह ने की।

0

मीरगंज में विधायक डीसी वर्मा ने सौंपे चेक

मीरगंज विधानसभा क्षेत्र का कार्यक्रम तहसील सभागार में आयोजित हुआ। विधायक डॉ. डीसी वर्मा और ब्लॉक प्रमुख गोपाल कृष्ण गंगवार की मौजूदगी में राशन डीलरों को बढ़े लाभांश के प्रतीकात्मक चेक दिए गए। एसडीएम, पूर्ति निरीक्षक और क्षेत्र के उचित दर विक्रेता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। बहेड़ी तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शेरगढ़ ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र कुर्मी और बहेड़ी ब्लॉक प्रमुख अमेंद्र सिंह गोल्डी मौजूद रहे। यहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखने के साथ राशन विक्रेताओं को बढ़े लाभांश की जानकारी दी गई। एसडीएम और पूर्ति विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

नवाबगंज में विधायक एमपी आर्या ने बांटे प्रतीकात्मक चेक

नवाबगंज तहसील सभागार में विधायक डॉ. एमपी आर्या और ब्लॉक प्रमुख आशुतोष गंगवार ने राशन डीलरों को प्रतीकात्मक चेक सौंपे। कार्यक्रम में एसडीएम, पूर्ति निरीक्षक समेत नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र के उचित दर विक्रेता शामिल हुए। वहीं फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र का कार्यक्रम खंड विकास अधिकारी कार्यालय में हुआ। विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह और ब्लॉक प्रमुख सोनम ग्वाल ने उचित दर विक्रेताओं को बढ़े लाभांश के प्रतीकात्मक चेक दिए। एसडीएम और पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

आंवला में भी राशन डीलरों को मिला बढ़े लाभांश का तोहफा

आंवला तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मझगवां ब्लॉक प्रमुख यशवंत सिंह, एसडीएम और पूर्ति निरीक्षक समेत क्षेत्र के उचित दर विक्रेता मौजूद रहे। यहां भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ और बढ़े हुए लाभांश के प्रतीकात्मक चेक दिए गए। लाभांश में बढ़ोतरी का सीधा असर राशन डीलरों की कमाई पर पड़ेगा। अब प्रत्येक क्विंटल खाद्यान्न वितरण पर उन्हें पहले के मुकाबले 35 रुपये अधिक मिलेंगे। जिले में 1756 विक्रेताओं को इसका लाभ मिलने के कारण राशन वितरण व्यवस्था से जुड़े विक्रेताओं के लिए सरकार का यह फैसला आर्थिक रूप से अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *