UP NEWSबरेली जंक्शन से सवारियां बैठाती अवैध टैक्सी।

बरेली। शहर में टैक्सी के नाम पर चल रहे अवैध खेल को लेकर आरटीओ और पुलिस की निगरानी सवालों के घेरे में आ गई है। बरेली टैक्सी वेलफेयर एसोसिएशन ने डीएम अविनाश सिंह से शिकायत कर आरोप लगाया है कि बरेली जंक्शन, टैक्सी स्टैंड और पटेल चौक से प्राइवेट गाड़ियों में खुलेआम सवारियां ढोई जा रही हैं। कुछ दलाल इन वाहनों का संचालन कराकर मोटी कमाई कर रहे हैं, जबकि यात्रियों से मनमाना किराया वसूला जा रहा है।

टैक्सी एसोसिएशन का आरोप है कि बरेली जंक्शन पर कई दलाल सक्रिय हैं। ये लोग प्राइवेट वाहनों के चालकों से साठगांठ कर उनमें सवारियां बैठवाते हैं और बदले में दलाली लेते हैं। शिकायत में कई लोगों के नाम भी दिए गए हैं। सवाल यह है कि यदि प्राइवेट वाहनों से लगातार सवारियां ढोई जा रही हैं तो परिवहन विभाग की चेकिंग में ये वाहन पकड़ में क्यों नहीं आ रहे हैं।

यात्रियों से मनमाना किराया, वैध टैक्सी वालों को नुकसान

टैक्सी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष पिंटू राणा का कहना है कि अवैध रूप से चलने वाले वाहनों में किराये को लेकर कोई तय व्यवस्था नहीं है। यात्रियों से मनमाना किराया लिया जाता है। इससे यात्रियों की जेब पर बोझ पड़ने के साथ परमिट और अन्य नियमों का पालन कर टैक्सी चलाने वालों को भी नुकसान हो रहा है। एसोसिएशन ने इसे यात्रियों का आर्थिक शोषण बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा यह मामला पहली बार अधिकारियों के सामने नहीं पहुंचा है। पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों को अवैध संचालन की जानकारी दी गई थी, लेकिन इसके बाद भी स्थिति नहीं बदली। ऐसे में एसोसिएशन ने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अवैध वाहन संचालन करने वालों के हौसले बढ़ रहे हैं।

विरोध किया तो झगड़े पर उतारू होने का आरोप

शिकायत के मुताबिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जब प्राइवेट वाहनों में सवारियां ढोने का विरोध किया तो कथित तौर पर संचालन कराने वाले लोग लड़ाई-झगड़े पर उतारू हो गए। एसोसिएशन का कहना है कि जंक्शन जैसे व्यस्त इलाके में यह सब खुलेआम हो रहा है। इसके बावजूद अवैध संचालन पर अंकुश नहीं लग पाना परिवहन विभाग और पुलिस की निगरानी पर सवाल खड़े करता है। बरेली टैक्सी वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अब डीएम अविनाश सिंह से पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। एसोसिएशन ने जंक्शन, पटेल चौक और टैक्सी स्टैंड पर अभियान चलाकर प्राइवेट वाहनों से सवारियां ढोने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और कथित दलाली के नेटवर्क की जांच कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *