बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और लोगों को डराने व उन पर रौब जमाने के लिए अपने पास तमंचा रखता था। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
बारादरी पुलिस के अनुसार आज कांकरटोला चौकी प्रभारी जावेद अख्तर पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध लोगों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की।
खाली प्लॉट के पास पुलिस ने दबोचा
पुलिस टीम ने जयप्रकाश पान की दुकान के पीछे खाली प्लॉट के पास संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। पुलिस का दावा है कि उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान बारादरी क्षेत्र के कांकरटोला निवासी करीब 30 वर्षीय दानिश पुत्र नुसरत के रूप में हुई। पुलिस ने तमंचा और कारतूस कब्जे में लेकर आरोपी को थाने ले गई। उसके खिलाफ बारादरी थाने में मुकदमा संख्या 1209/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस का दावा- लोगों को डराने के लिए रखता था तमंचा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पढ़ा-लिखा नहीं है और फिलहाल कोई काम नहीं करता। पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे का आदी है और अक्सर इधर-उधर घूमता रहता है। लोगों को डराने और उन पर रौब जमाने के लिए वह अपने पास तमंचा रखता था। पुलिस ने यह भी दावा किया कि गिरफ्तारी के समय आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। हालांकि पुलिस ने संभावित वारदात के संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कांकरटोला चौकी प्रभारी जावेद अख्तर के साथ हेड कांस्टेबल आसिफ अली, चेतन सिंह और कांस्टेबल कृष्णवीर सिंह शामिल रहे। बारादरी थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह के निर्देशन में कार्रवाई की गई। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।