up newsप्रसूता और नवजात बच्ची को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाती आरपीएफ टीम।

बरेली। लालगढ़ से छपरा जा रही अवध-असम एक्सप्रेस में शनिवार को अचानक किलकारी गूंज उठी। करीब आठ माह की गर्भवती यात्री को सफर के दौरान प्रसव पीड़ा शुरू हुई और समय से पहले उसने बच्ची को जन्म दे दिया। सूचना मिलते ही बरेली जंक्शन पर आरपीएफ की टीम अलर्ट हो गई। ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचते ही टीम ने प्रसूता और नवजात को संभाला और बिना समय गंवाए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। आरपीएफ ने इस पूरी कार्रवाई को ‘ऑपरेशन मातृ शक्ति’ के तहत अंजाम दिया।

कंट्रोल रूम से आया संदेश, तुरंत हरकत में आई RPF

26 सितंबर को सुरक्षा नियंत्रण कक्ष मुरादाबाद और स्टेशन मास्टर बरेली की ओर से आरपीएफ को सूचना दी गई कि ट्रेन संख्या 15910 अवध-असम एक्सप्रेस के एस-4 कोच में सीट नंबर 32 पर यात्रा कर रही 30 वर्षीय गर्भवती महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उसे तेज प्रसव पीड़ा हो रही थी। सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक मयंक चौधरी ने टीम को तत्काल ट्रेन अटेंड करने के निर्देश दिए। एएसआई कन्हैया लाल, एएसआई योगेश कुमार और एलसीटी अनु कुमारी प्लेटफार्म पर पहुंच गए।

दोपहर एक बजे पहुंची ट्रेन, गोद में थी नवजात बच्ची

अवध-असम एक्सप्रेस दोपहर करीब एक बजे बरेली जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची। आरपीएफ टीम एस-4 कोच में पहुंची तो यात्री प्रियंका अपनी नवजात बच्ची के साथ मिलीं। उनके पति विकास ने टीम को बताया कि वे लालगढ़ से छपरा जा रहे थे। प्रियंका करीब आठ माह की गर्भवती थीं, लेकिन सफर के दौरान अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई और समय से पहले बच्ची का जन्म हो गया।

एंबुलेंस बुलाकर सीधे जिला अस्पताल भेजा

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन पर तत्काल एंबुलेंस संख्या UP32FG2791 बुलाई गई। इस दौरान महिला टीटीई रति और डिप्टी एसएस राजपाल सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। एलसीटी अनु कुमारी की निगरानी में प्रसूता और नवजात को एंबुलेंस से जिला अस्पताल बरेली भेजा गया, जहां दोनों को उपचार और चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया।

समय पर मिली मदद, जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित

आरपीएफ के मुताबिक प्रसूता और नवजात बच्ची दोनों सुरक्षित हैं। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। रेलवे सुरक्षा बल ने समय पर सूचना मिलने, ट्रेन को अटेंड करने और प्रसूता व नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने की इस कार्रवाई को ऑपरेशन मातृ शक्ति के तहत दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *