बरेली। मीरगंज पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 188 ग्राम अफीम और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अफीम बेचकर होने वाला मुनाफा अपने एक साथी के साथ बांटता था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
साप्ताहिक बाजार से पुलिस ने दबोचा
पुलिस के अनुसार 25 सितंबर की शाम कस्बा चौकी प्रभारी एसआई पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने मीरगंज के साप्ताहिक बाजार से अमित यादव निवासी गणेशनगर, सुभाषनगर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 188 ग्राम अफीम और वीवो कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ।
पुलिस का दावा- दोस्त ने बेचने के लिए दी थी अफीम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अधिक रुपये कमाने और अपने शौक पूरे करने के लिए वह अफीम बेचता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने सुभाषनगर निवासी अपने एक दोस्त से अफीम मिलने की बात कही है। अफीम बेचने से होने वाला मुनाफा दोनों के बीच बांटा जाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। साथ ही अफीम की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।