bareillyजिला अस्पताल में भर्ती युवक।

बरेली। जरा सोचिए… आप बाइक से मंदिर जा रहे हों और रास्ते में अचानक जांघ पर सांप काट ले। बरेली में शुक्रवार को कुछ ऐसा ही हुआ। मढ़ीनाथ के रहने वाले सिक्योरिटी एजेंसी संचालक सूर्य प्रकाश पाठक बाइक से कालीबाड़ी जा रहे थे। पटेल चौक पहुंचने से पहले अचानक उनकी जांघ पर सांप ने काट लिया। चलती बाइक पर हुए सर्पदंश से वह घबरा गए और तुरंत बाइक रोक दी।

सूर्य प्रकाश पाठक शुक्रवार को घर से पूजा करने के लिए कालीबाड़ी स्थित मंदिर जा रहे थे। बाइक लेकर वह पटेल चौक के पास पहुंचे ही थे कि अचानक जांघ में तेज चुभन महसूस हुई। सांप के काटने का अहसास होते ही उन्होंने बाइक किनारे रोक दी। आसपास मौजूद लोगों को जानकारी दी तो राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े।

घर से ही बाइक में छिपकर बैठा था सांप

घटना के बाद सूर्य प्रकाश को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। सूर्य प्रकाश का कहना है कि आशंका है कि सांप उनके घर से ही बाइक में कहीं छिपकर बैठ गया था। उन्हें इसका जरा भी अंदाजा नहीं था। रास्ते में बाइक चलाते समय अचानक सांप ने उनकी जांघ में डस लिया। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

खेत में चारा लेने गया युवक, हाथ में सांप ने डसा

शुक्रवार को सर्पदंश की दूसरी घटना भुता इलाके में सामने आई। रामपुरा प्रवीण निवासी मोहित खेत में चारा लेने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद सांप ने उनके हाथ में डस लिया। सर्पदंश के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। शहर के बीच चलती बाइक पर सांप के काटने की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। वहीं खेत में सर्पदंश के शिकार मोहित को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *