बिना रिलीज आदेश बस लेकर चालक फरार, जीएसटी-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रिठौरा टोल के पास मिली बस
बरेली। राज्य कर विभाग की अभिरक्षा में खड़ी बस को बिना अनुमति और रिलीज आदेश के माल समेत बाहर ले जाकर फरार होने का मामला सामने आया है। थाना कैंट क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस और जीएसटी विभाग की संयुक्त टीम ने सर्च अभियान चलाकर करीब सात घंटे के भीतर बस को पीलीभीत रोड पर रिठौरा टोल से लगभग 200 मीटर पहले बरामद कर लिया। हालांकि बस में सवार आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
जांच के दौरान बस में मिला था करीब 11 लाख का माल
राज्य कर विभाग, बरेली ने 3 सितंबर को वाहन संख्या UP81DT-2690 को जांच के लिए डिटेन कर विभागीय अभिरक्षा में रखा था। पुलिस के मुताबिक, बस में बिना वैध प्रपत्रों के खिलौने और सर्किट बोर्ड पाए गए थे, जिनकी कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई गई है। मामले में विभाग की ओर से 3,05,842 रुपये की राजस्व मांग भी सूचित की गई थी और विभागीय कार्रवाई पूरी होना बाकी था।
तड़के 3:22 बजे बिना अनुमति बस लेकर निकले
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को करीब 3:22 बजे वाहन चालक दानिश अली ने वाहन स्वामी फहीम अहमद के साथ मिलकर बिना विभागीय अनुमति और रिलीज आदेश के बस को माल समेत विभागीय परिसर से बाहर निकाल लिया और फरार हो गया। इससे विभागीय कार्रवाई प्रभावित होने के साथ राजस्व हित भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलने के बाद थाना कैंट में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
जीएसटी-पुलिस की संयुक्त टीम ने शुरू किया सर्च अभियान
मामले की सूचना मिलते ही थाना कैंट पुलिस और जीएसटी विभाग की संयुक्त टीम ने सुबह से ही बस की तलाश में सर्च अभियान शुरू किया। लगातार की गई तलाश के दौरान बस पीलीभीत रोड पर रिठौरा टोल से करीब 200 मीटर पहले बरामद हो गई। पुलिस ने बस और उसमें लदे माल को कब्जे में ले लिया है।
बस छोड़कर भागे आरोपी, तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, बस में सवार आरोपी पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस टीम दोनों आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बरामद बस और माल को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ये बताए गए फरार आरोपी
पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान फहीम अहमद पुत्र बाबू खान, निवासी जगतपुरी, ईस्ट दिल्ली, वर्तमान पता अलीगढ़ और दानिश अली पुत्र वाजिद अली, निवासी गंगवार, अमरोहा के रूप में बताई है।