अंजुमनों के साथ बैठक में नियमों के पालन की अपील, डीजे का इस्तेमाल नहीं करने पर बनी सहमति
बरेली। आगामी जुलूस-ए-गौसिया को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को थाना बारादरी परिसर में पुलिस अधिकारियों ने जुलूस के आयोजकों और विभिन्न अंजुमनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जुलूस निर्धारित समय और तय रूट से ही निकाला जाए तथा इस दौरान शासन-प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए।
आयोजकों और अंजुमनों को बताए प्रशासन के निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक और ASP/CO सिटी-3 आशुतोष शिवम की मौजूदगी में हुई गोष्ठी में आयोजकों व अंजुमनों को शासन एवं प्रशासन की ओर से जारी आदेशों और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।
तय रूट और समय से नहीं होगा कोई समझौता
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से कहा कि जुलूस निर्धारित समय पर और निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाए। जुलूस के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी संबंधित अंजुमनों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
डीजे नहीं बजेगा, शांतिपूर्ण तरीके से निकलेगा जुलूस
बैठक में आयोजकों ने भी सभी संबंधित अंजुमनों से अपील की कि जुलूस में डीजे का प्रयोग नहीं किया जाएगा। साथ ही जुलूस को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और तय समय व मार्ग के अनुसार निकालने की बात कही गई।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील
पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों और अंजुमनों के पदाधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी पक्ष पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।