बरेली। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत गुरुवार को शहर में मेगा रैली निकाली गई। इसमें 500 से अधिक स्कूली विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। मेयर डॉ. उमेश गौतम ने चौकी चौराहा से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। विद्यार्थी हाथों में स्वच्छता का संदेश लिखी तख्तियां लेकर चले। शाम को शहर के सात स्थानों पर 22,500 दीये भी जलाए गए।
नगर निगम की एसबीएम टीम की ओर से आयोजित रैली चौकी चौराहा से शुरू होकर गांधी उद्यान पहुंची। रैली में नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए। विद्यार्थियों ने लोगों से अपने घर और आसपास सफाई रखने, कूड़ा इधर-उधर न फेंकने और गीले-सूखे कचरे को अलग रखने की अपील की।
क्राफ्ट और मॉडल से समझाई स्वच्छता की बात
पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी ने बताया कि विद्यार्थियों ने स्वच्छता से जुड़े क्राफ्ट और मॉडल भी तैयार किए थे। इनके जरिए साफ-सफाई, कचरे को अलग-अलग रखने और शहर को स्वच्छ बनाने का संदेश दिया गया।
गांधी उद्यान में बनाई मानव श्रृंखला
रैली गांधी उद्यान पहुंचकर समाप्त हुई। अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय ने बताया कि यहां विद्यार्थियों, नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मानव श्रृंखला बनाई। इसके बाद सभी ने स्वच्छता की शपथ ली। लोगों से स्वच्छता को रोज की आदत बनाने की अपील की गई।
सात जगह जलाए गए 22,500 दीये
मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी ने बताया कि शाम को सीआई पार्क, नगर निगम परिसर, लोहिया पार्क, पटेल चौक, गांधी उद्यान, पंत पार्क और अक्षर विहार में कुल 22,500 दीये जलाए गए। मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं है। इसमें लोगों का सहयोग भी जरूरी है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि लोगों की भागीदारी से ही बरेली को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।