NEW DELHIIISc बैंगलोर में पोस्ट-डॉक्टोरल के लिए आवेदन शुरू

नई दिल्ली। रिसर्च और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे युवा शोधार्थियों के लिए भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) बेंगलुरु ने पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप (IPDF) 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित शोधार्थियों को प्रतिमाह 80 हजार रुपये फेलोशिप के साथ नियमानुसार एचआरए मिलेगा। शोध कार्य के लिए सालाना दो लाख रुपये का रिसर्च ग्रांट भी दिया जाएगा।

हर महीने 80 हजार रुपये की फेलोशिप

फेलोशिप के लिए चयनित उम्मीदवारों को 80 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त संस्थान के नियमों के अनुसार हाउस रेंट अलाउंस HRA भी मिलेगा। शोध से जुड़े जरूरी खर्चों के लिए प्रत्येक वर्ष दो लाख रुपये का अलग रिसर्च ग्रांट उपलब्ध कराया जाएगा। इस राशि का उपयोग शोध से संबंधित आवश्यकताओं पर किया जा सकेगा।

थीसिस जमा है तो भी मिल सकता है मौका

ऐसे शोधार्थी भी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने पीएचडी की थीसिस जमा कर दी है, लेकिन उनका फाइनल डिफेंस या डिग्री की औपचारिक प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। ऐसे चयनित उम्मीदवारों को शुरुआत में 50 हजार रुपये प्रतिमाह और नियमानुसार एचआरए दिया जाएगा। पीएचडी डिग्री मिलने के बाद उन्हें पूर्ण फेलोशिप के दायरे में लाया जाएगा।

आवेदन के लिए ये योग्यता जरूरी

फेलोशिप के लिए उम्मीदवार के पास पीएचडी की डिग्री होनी चाहिए। थीसिस जमा कर चुके अभ्यर्थी आधिकारिक प्रमाणपत्र के आधार पर भी आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार का पिछली शैक्षणिक डिग्रियों में प्रथम श्रेणी या उसके समकक्ष ग्रेड होना जरूरी है। 32 वर्ष से कम आयु के युवा शोधार्थियों को वरीयता दिए जाने का प्रावधान है।

एक साल की फेलोशिप, प्रदर्शन पर बढ़ेगी अवधि

शुरुआत में फेलोशिप एक वर्ष के लिए दी जाएगी। शोधार्थी के प्रदर्शन और कार्य की समीक्षा के आधार पर इसे एक वर्ष और बढ़ाया जा सकता है। इस तरह चयनित शोधार्थी अधिकतम दो वर्ष तक इस फेलोशिप का लाभ उठा सकेंगे।

सालभर आवेदन, 31 दिसंबर को अगली समीक्षा

IISc की पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप के लिए आवेदन की प्रक्रिया सालभर खुली रहती है। सितंबर 2026 में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के आवेदनों को 31 दिसंबर 2026 की अगली समीक्षा प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। इच्छुक शोधार्थी पात्रता, संबंधित विभाग, आवेदन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी IISc की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *