UP NEWSपुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

बरेली। मॉडल टाउन में मंदिर जा रही महिला के दोनों कानों से कुंडल झपटकर फरार हुए बदमाशों तक बारादरी पुलिस पहुंच गई। मंगलवार तड़के भरतौल रोड पर एफसीआई गोदाम के पास चेकिंग के दौरान बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटे गए दोनों कुंडल, दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक बरामद हुई है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मॉडल टाउन गेट के पास झपटे थे दोनों कुंडल

संजयनगर निवासी पूनम नौ सितंबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपनी बेटी और पड़ोस की महिला के साथ हरि मंदिर, मॉडल टाउन जा रही थीं। पुलिस के मुताबिक, जैसे ही वह मॉडल टाउन गेट के पास पहुंचीं, पीछे से आए एक बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके दोनों कानों से कुंडल छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद वह कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़े अपने साथी के साथ मॉडल टाउन की ओर फरार हो गया।

पूनम ने 13 सितंबर को बारादरी थाने में घटना की सूचना दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।

FCI गोदाम के पास घिरे तो पुलिस पर की फायरिंग

मंगलवार तड़के बारादरी पुलिस भरतौल रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस का सामना कुंडल छिनैती के आरोपियों से हो गया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अजय मिश्रा के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके दो साथियों को दबोच लिया।

अजय मिश्रा घायल, पिंटू और तरुण भी गिरफ्तार

पुलिस ने घायल अजय मिश्रा के साथ पिंटू मिश्रा और तरुण उर्फ आकाश, निवासी नई बस्ती, फतेहगंज पूर्वी को गिरफ्तार किया है। घायल अजय को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिसकर्मियों के सामने माफी मांगते हुए कहता दिखाई दिया— “माफ कर दो साहब।”

दो कुंडल, दो तमंचे और बिना नंबर की पल्सर बरामद

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से महिला से छीने गए दो कुंडल, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक भी कब्जे में ली गई है। पुलिस आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगालने के साथ यह भी पता लगा रही है कि उन्होंने शहर और आसपास के इलाकों में छिनैती की अन्य वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *