up newsगिरी छत और मृतक महिला का फाइल फोटो

बरेली। शाही थाना क्षेत्र में जर्जर मकान की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला कमरे में सो रही थी। छत भरभराकर गिरने से वह मलबे में दब गई। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

सोते समय भरभराकर गिरी छत

पुलिस के अनुसार डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम केरा में मकान की छत गिरने से एक महिला मलबे में दब गई है। सूचना मिलते ही शाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। ग्रामीणों ने बताया कि गांव निवासी गोविंद राम की 32 वर्षीय पत्नी मुन्नी देवी बुधवार शाम अपने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान जर्जर छत अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन और ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर मुन्नी देवी को बाहर निकाला और इलाज के लिए बरेली के अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पति घर से बाहर, दो दिन पहले ही लौटी थीं मायके से

मृतका के जेठ जयवीर ने बताया कि घटना के समय मुन्नी देवी के पति गोविंद राम किसी काम से मीरगंज गए हुए थे। छत गिरने की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। जिस बेड पर मुन्नी देवी सो रही थीं, वह भी पूरी तरह टूट गया। उन्होंने बताया कि मुन्नी देवी दो दिन पहले ही मायके से ससुराल लौटी थीं। उनकी कोई संतान नहीं थी। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *