बरेली। मुंबई में फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की घटना के बाद बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। पहले से पुलिस के पहरे में रह रहे अभिनेत्री के परिवार की सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा की गई है। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम और कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने खुद मौके पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
दिशा पाटनी के घर पर पुलिस का सख्त पहरा
बरेली की रहने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर पहले से ही पुलिसकर्मियों की तैनाती है। यहां एक मुख्य आरक्षी और तीन सिपाही लगातार सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का पूरा जोर इस बात पर है कि अभिनेत्री के घर और परिवार की सुरक्षा में किसी तरह की चूक न होने पाए।
सीओ और कोतवाली इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंचकर परखी सुरक्षा
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम और कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल की। इस दौरान अधिकारियों ने वहां तैनात पुलिसकर्मियों से उनकी ड्यूटी और निगरानी व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। साथ ही सुरक्षा में तैनात जवानों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और आसपास होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
सितंबर में गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला था दिशा पाटनी का घर
दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा को लेकर पुलिस की चिंता की एक बड़ी वजह पिछले साल हुई फायरिंग की घटना भी है। अभिनेत्री के बरेली स्थित घर पर 11 और 12 सितंबर को फायरिंग हुई थी। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई थी। मामले में दो आरोपियों को पकड़ा भी गया था। फायरिंग की घटना के बाद से ही दिशा पाटनी के घर पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई थी।
घर में रहते हैं दिशा पाटनी के पिता और बहन खुशबू
फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी मूल रूप से बरेली की रहने वाली हैं। उनके बरेली स्थित घर में पिता और बहन खुशबू पाटनी रहती हैं। दिशा के पिता पुलिस विभाग में सीओ के पद से सेवानिवृत्त हैं। पूर्व में घर पर फायरिंग की घटना हो चुकी है, इसलिए परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। अब टाइगर श्रॉफ पर हमले की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की फिर से समीक्षा की गई है।
टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद पुलिस की बढ़ी चौकसी
मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर हमले की घटना के बाद बरेली पुलिस किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती। इसी को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने अभिनेत्री के घर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस का प्रयास है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की समय रहते जानकारी मिल सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।