बरेली। नगरिया परीक्षित में नगर निगम की करीब 2.5 करोड़ रुपये कीमत की जमीन पर बने अवैध इमामबाड़े समेत अन्य अतिक्रमणों पर बुधवार को बुलडोजर चला। वार्ड-51 में खलिहान खाते में दर्ज निगम की 0.624 हेक्टेयर भूमि पर करीब 12 अतिक्रमणकर्ताओं ने दुकानें, कच्चे मकान और झोपड़ियां बनाकर कब्जा कर रखा था। नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने पुलिस और पीएसी की मौजूदगी में कार्रवाई कर जमीन को कब्जामुक्त करा लिया।
नगरिया परीक्षित के पार्षद एवं पूर्व उप सभापति महेश राजपूत ने नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला उठाया था। शिकायत में जमीन के एक हिस्से पर अवैध रूप से इमामबाड़ा बनाए जाने की बात भी कही गई थी। मामले को नगर निगम बोर्ड के साथ शासन स्तर तक पहुंचाया गया। लगातार शिकायत और पैरवी के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का रास्ता साफ हुआ।
दो बुलडोजर लेकर पहुंची टीम, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे नगर निगम की प्रवर्तन टीम दो बैकहो लोडर के साथ मौके पर पहुंची। धार्मिक स्थल और अन्य निर्माण हटाए जाने के दौरान विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच निगम की टीम ने अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की और कुछ ही घंटों में जमीन को कब्जामुक्त करा लिया।
दुकानें, कच्चे मकान और झोपड़ियां बनाकर किया था कब्जा
नगर निगम की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक वार्ड-51 नगरिया परीक्षित में गाटा संख्या 02, 03 और 04 की कुल 0.624 हेक्टेयर भूमि निगम की संपत्ति है। राजस्व अभिलेखों में जमीन खलिहान खाते में दर्ज है। इसकी मौजूदा अनुमानित कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये है। निगम के अनुसार भूमि पर करीब 12 अतिक्रमणकर्ताओं ने दुकानें, कच्चे मकान और झोपड़ियां आदि बनाकर कब्जा कर लिया था।
कब्जामुक्त जमीन को सुरक्षित करेगा नगर निगम
अतिक्रमण हटाने के बाद नगर निगम ने जमीन को अपने कब्जे में ले लिया है। दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए भूमि को सुरक्षित करने की तैयारी की जा रही है। निगम प्रशासन का कहना है कि नगर निगम और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और चिह्नित अतिक्रमणों को नियमानुसार हटाया जाएगा।