up newsपुलिस की गिरफ्त में आरोपी महिला

बरेली। फतेहगंज पूर्वी थाना पुलिस ने अवैध कच्ची शराब बनाने और बेचने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 15 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ में महिला ने बताया कि पति की मौत के बाद परिवार का खर्च चलाने के लिए उसने यह धंधा शुरू किया था।

मंगलवार को गिहार बस्ती में महिला अवैध कच्ची शराब तैयार करने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला के मकान के बाहर बने बिना गेट वाले कमरे में छापा मार दिया। वहां से महिला को शराब बनाते हुए पकड़ लिया गया।

15 लीटर कच्ची शराब और उपकरण बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 20 लीटर क्षमता के प्लास्टिक जरीकेन में रखी करीब 15 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इसके अलावा शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए। बरामदगी के आधार पर महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

पति की मौत के बाद संभाली परिवार की जिम्मेदारी

गिरफ्तार महिला की पहचान फतेहगंज पूर्वी के गिहार बस्ती निवासी सदरिया (58) पत्नी स्वर्गीय श्रीपाल के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि पति की मौत करीब 25 साल पहले हो चुकी है। परिवार में उसका एक बेटा है और कमाने वाला कोई दूसरा सदस्य नहीं है। आर्थिक तंगी के चलते वह लंबे समय से कच्ची शराब बनाकर बेच रही थी। महिला ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए इस काम पर पछतावा भी जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *