बरेली। बरेली के हार्टमैन कॉलेज की छात्राओं की सोशल मीडिया तस्वीरों का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से सहपाठी ने ही वायरल कर दीं। पीड़ित छात्राओं के परिजनों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में आरोपी छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

छात्रा की मां की शिाकायत में कहा गया है कि कॉलेज में पढ़ने वाली कई छात्राओं की इंस्टाग्राम प्रोफाइल और पोस्ट से तस्वीरें डाउनलोड कर उन्हें एआई तकनीक के माध्यम से मॉर्फ कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा किया गया। इससे छात्राओं और उनके परिजनों में आक्रोश फैल गया। पहले एक फर्जी अकाउंट से उनकी अलग अलग तरीके से अश्लील फोटो वायरल की गई, जिसे रिपोर्ट के बाद बंद कर दिया गया। इसके बाद कथित तौर पर दूसरा फर्जी अकाउंट बनाकर फिर ऐसी ही हरकत की गई।

एक मोबाइल नंबर के जरिये हुई पहचान

इज्जतनगर क्षेत्र की वैष्णोधाम कालोनी की रहने वाली छात्रा की मां ने पुलिस को बताया कि जांच के दौरान एक मोबाइल नंबर से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट के आधार पर कॉलेज के ही एक छात्र का नाम सामने आया। उससे संपर्क किए जाने पर उसने अपना अकाउंट हैक होने की बात कही। बाद में उसके सोशल मीडिया अकाउंट हटाए जाने की भी जानकारी दी गई। इसके बाद एक नए अकाउंट से कुछ छात्राओं को रिक्वेस्ट भेजे जाने का दावा किया गया, जिसके स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखे गए हैं।

आरोपी छात्र पर एफआईआर, हटाई गईं तस्वीरें

पीड़ित पक्ष ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी छात्र से पुलिस पूछताछ कर रही है। हार्टमन कालेज छात्राओं की सभी अश्लील तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफार्म से हटाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *