बरेली। सोशल मीडिया पर लगातार दर्द भरे स्टेटस साझा कर रहा एक युवक सोमवार सुबह अपने कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

बारादरी के संजयनगर स्थित गोसाई गौटिया निवासी 23 वर्षीय पीयूष शर्मा रविवार रात रोज की तरह परिवार के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। परिजनों के मुताबिक देर रात तक वह मोबाइल चला रहा था।

प्रेम प्रसंग में आत्महत्या किए जाने की चर्चा

सोमवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजन अंदर पहुंचे। वहां पीयूष का शव कमरे की चौखट में फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। युवक के प्रेम प्रसंग में आत्महत्या किए जाने की चर्चा है।

चाचा के साथ दुकान पर काम करता था पीयूष

पीयूष अपने चाचा संजय शर्मा की किराना दुकान पर काम करता था। वह परिवार का इकलौता बेटा और तीन बहनों का अकेला भाई था। परिजनों के अनुसार उसका किसी से कोई विवाद या रंजिश नहीं थी। हालांकि बीते दो दिनों से वह सोशल मीडिया पर लगातार दर्द और मायूसी से जुड़े स्टेटस साझा कर रहा था, जिससे उसके मानसिक तनाव में होने की आशंका जताई जा रही है।

परिवार वालों ने नहीं बताई आत्महत्या की वजह

बारादरी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों ने आत्महत्या की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई है। जांच के दौरान प्रेम प्रसंग की जानकारी सामने आई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *