बरेली। सावन माह और कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली में प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को सर्किट हाउस में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में भाजपा जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सावन के दौरान जिले में मांस और मछली की दुकानें बंद रहेंगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पिछले वर्ष की तरह इस बार भी कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराई जाएगी।
बैठक में मंत्री धर्मपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के अनुकूल बनाया जाए। उन्होंने बताया कि इस बार बरेली से करीब 7000 कांवड़ जत्थे यात्रा पर निकलेंगे। प्रत्येक जत्थे के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यदि किसी दूसरे जिले में भी बरेली के कांवड़ियों को किसी प्रकार की समस्या आती है तो बरेली पुलिस समन्वय कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। बैठक में कांवड़ मार्गों की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठा। मंत्री ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 जुलाई से पहले सभी प्रमुख मार्गों की मरम्मत पूरी कर ली जाए, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
12 फुट से अधिक ऊंची कांवड़ पर रोक
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने इस बार कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई 12 फुट तय की है। मंत्री ने कहा कि यह निर्णय बिजली के तारों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लिया गया है। बिजली विभाग को भी झूलते और नीचे लटक रहे तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। धर्मपाल सिंह ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश कर सकते हैं। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया की नियमित निगरानी की जाएगी और किसी भी भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई होगी।
2017 से पहले की व्यवस्था पर भी बोले मंत्री
बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कांवड़ियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि पहले कांवड़ियों पर लाठीचार्ज होता था और डीजे बजाने सहित कई गतिविधियों पर रोक रहती थी, जबकि अब सरकार श्रद्धालुओं का सम्मान करते हुए उन पर पुष्पवर्षा करा रही है। बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, ब्रज क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, मेयर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बिथरी विधायक राघवेंद्र शर्मा, आंवला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।