बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में ससुराल पक्ष और दामाद के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद सड़क पर मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि ससुर और उसके बेटों ने दामाद को बीच रास्ते रोककर बेल्ट, लात-घूंसों से जमकर पीटा। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर इज्जतनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र केमठ लक्ष्मीपुर निवासी शहाना बी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपने बेटे मोहम्मद युसुफ का निकाह मोहम्मद वकील उर्फ पहलवान की बेटी उजमा से कराया था। उनका आरोप है कि निकाह में करीब 12 तोला सोना दिया गया था। शादी के बाद से उजमा की मां गुलशन ने बेटी को ससुराल भेजने से इनकार कर दिया और जेवरात भी अपने पास रख लिए।
टेंपो रोककर बेल्टों से की पिटाई
शनिवार रात करीब 9:30 बजे मोहम्मद युसुफ टेंपो लेकर घर लौट रहा था। साईं धर्मकांटा के पास मोहम्मद वकील उर्फ पहलवान, उसके बेटे जीशान और रिजवान तथा शाकिर ने उसे रोक लिया। आरोप है कि चारों ने बेल्ट, लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसके शरीर पर कई चोटें आईं।
जान से मारने की धमकी देकर भागे
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर बढ़े तो आरोपी युसुफ को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और अक्सर विवाद व मारपीट पर आमादा रहते हैं। पीड़िता शहाना बी की तहरीर पर इज्जतनगर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।