बरेली। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के नवनियुक्त उपसभापति कुंवर रविंद्र सिंह राठौर का भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने भव्य स्वागत किया। फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर और सैटेलाइट चौराहे पर ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और माल्यार्पण के बीच उनका जोरदार अभिनंदन किया गया। जगह-जगह समर्थकों की भीड़ उमड़ी और पूरे रास्ते स्वागत का सिलसिला चलता रहा।
स्वागत यात्रा के बाद भाजपा कार्यालय में आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रविंद्र सिंह राठौर का गर्मजोशी से स्वागत किया। वक्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व से सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी और किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाऊंगा जिम्मेदारी
रविंद्र सिंह राठौर ने स्वागत से अभिभूत होकर सभी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। किसानों के हितों की रक्षा और सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उपसभापति ने कहा कि बैंक की व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति देना, प्रदेश सरकार की नीतियों के अनुरूप उसे अधिक प्रभावी बनाना और बैंक की सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना उनका प्रमुख लक्ष्य होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ऐसी योजनाएं तैयार की जाएंगी, जिनसे किसानों का बैंक से सीधा जुड़ाव बढ़े और सहकारी व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
केंद्र और प्रदेश नेतृत्व का जताया आभार
राठौर ने अपनी नियुक्ति के लिए केंद्र और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक मजबूती और सहकारिता के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम में एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, महाराज सिंह, विधायक डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, सीपीएस चौहान, राजकुमार शर्मा, नीरेंद्र सिंह राठौर, निर्भय गुर्जर, शिवमंगल राठौर, विष्णु शर्मा, अंकित शुक्ला, मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।