भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लूट की एक ऐसी अजीबोगरीब वारदात सामने आई है, जिसमें बदमाशों का रवैया देखकर पुलिस से लेकर आम लोग तक हैरान हैं। दुकान के बाहर सो रहे 55 वर्षीय बुजुर्ग को दो बदमाशों ने लूटने के इरादे से दबोच लिया। मारपीट के बाद उसकी जेबें खंगालीं, लेकिन जब एक रुपया भी हाथ नहीं लगा तो जाते-जाते बदमाश हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

सोते हुए बुजुर्ग को दबोचा, जेबें खंगालने के बाद की मारपीट

घटना भोपाल के खजूरी थाना क्षेत्र की है। रात में एक किराना दुकान के बाहर 55 वर्षीय बुजुर्ग सो रहा था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उसे लूटने की कोशिश करने लगे। आरोप है कि बदमाशों ने बुजुर्ग के साथ मारपीट की और उसकी जेबें खंगाल डालीं। काफी तलाश के बावजूद उनके हाथ न नकदी लगी और न ही मोबाइल फोन।

कुछ नहीं मिला तो निकाल ली बाइक की चाबी

जेब खाली मिलने पर एक बदमाश ने बुजुर्ग की मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली। इसी दौरान बुजुर्ग की हालत और उसकी मजबूरी की जानकारी आरोपियों को हुई तो उनका रवैया अचानक बदल गया। बदमाशों ने बाइक की चाबी वापस कर दी और हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कथित तौर पर कहा— “सॉरी दादा, हमें माफ कर दो, हम खुद बहुत बड़ी मुसीबत में हैं।” इसके बाद दोनों वहां से निकल गए।

तीन लाख रुपये मिलने के बाद घर से निकला था बुजुर्ग

पुलिस की शुरुआती छानबीन में सामने आया कि बुजुर्ग मूल रूप से सीहोर जिले का रहने वाला है। बताया गया है कि उसने हाल में ससुराल पक्ष में जमीन बेची थी, जिससे करीब तीन लाख रुपये मिले थे। बुजुर्ग का आरोप है कि उसकी पत्नी ने पूरी रकम अपने पास रख ली और उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद वह मोटरसाइकिल से सीहोर से भोपाल की ओर निकल पड़ा। रास्ते में उसने शराब पी और खजूरी इलाके में पहुंचकर एक दुकान के बाहर सो गया। इसी दौरान वह बदमाशों के निशाने पर आ गया।

CCTV वायरल, शिकायत नहीं फिर भी पुलिस ने शुरू की तलाश

वारदात का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। खजूरी थाना पुलिस वायरल फुटेज के आधार पर दोनों अज्ञात आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी नीरज वर्मा के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, बुजुर्ग की ओर से फिलहाल कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। एक तरफ यह घटना रात में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है, वहीं दूसरी तरफ लूट के लिए पहुंचे बदमाशों का खाली जेब देखकर माफी मांगकर लौट जाना इस वारदात को बेहद असामान्य बना रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *