सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के छुटमलपुर कस्बे में बुधवार सुबह घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मायके में रह रही 32 वर्षीय महिला की उसके पति ने घर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब घर में महिला के साथ केवल उसका 12 वर्षीय भांजा मौजूद था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चाकू मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, मृतका मीनू ने करीब 14 वर्ष पहले फतेहपुर थाना क्षेत्र के रजापुर गांव निवासी सन्नी सैनी से प्रेम विवाह किया था। शुरुआती पारिवारिक विरोध के बावजूद दोनों साथ रहने लगे और उनके चार बच्चे हैं। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। करीब 20 दिन पहले विवाद के बाद मीनू अपने मायके आकर रहने लगी थी, जबकि चारों बच्चे पिता के पास थे।

घर में घुसते ही किया हमला

बुधवार सुबह परिवार के अधिकांश सदस्य काम पर गए हुए थे। घर में केवल मीनू और उसका 12 वर्षीय भांजा मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान सन्नी सैनी मायके पहुंचा और कमरे में घुसते ही पत्नी पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मीनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतका की बहन दीपा ने बताया कि दरवाजा खुलने की आवाज सुनकर 12 वर्षीय भांजा बाहर आया तो उसने आरोपी के हाथ में खून से सना चाकू देखा। घबराकर वह पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों को बुलाने दौड़ा। जब तक परिजन पहुंचे, मीनू खून से लथपथ पड़ी थी।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। हत्या में इस्तेमाल चाकू को कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

चार मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

मीनू अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गई है। परिवार के अनुसार सबसे बड़ी बेटी 13 वर्ष की है, जबकि सबसे छोटा बेटा छह साल का है। मां की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी सन्नी सैनी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *