बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में प्लॉट पर कब्जा करने की नीयत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैनामा कराने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी के आदेश के बाद इज्जतनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परतापुर चौधरी निवासी आसिफ अली खां ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 650 वर्ग गज के एक प्लॉट का स्वामी है और उस पर उसका कब्जा है। आरोप है कि उसके रिश्तेदार मुजीब रजा खां, कफीतुल्ला, कमर परवीन, सैय्यद मसूद अहमद और नईम खां की उस जमीन पर नीयत खराब हो गई। आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्लॉट का बैनामा आपस में ही कफीतुल्ला और नईम खां के नाम करा दिया।

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने इस बारे में आपत्ति जताई तो आरोपियों ने जमीन अपने नाम करने का दबाव बनाया। आरोप है कि 22 जून 2026 की दोपहर करीब 3:30 बजे रोड नंबर-5, परतापुर चौधरी में सभी आरोपियों ने उसे रोक लिया और कहा कि उन्होंने जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए हैं। यदि जमीन उनके नाम नहीं की गई तो वे उस पर कब्जा कर लेंगे।

विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि यदि जमीन उनके नाम नहीं की गई तो उसकी लाश का भी पता नहीं चलेगा। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि थाने में शिकायत करने के बावजूद उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।

एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुई रिपोर्ट

इसके बाद पीड़ित ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर इज्जतनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *