बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते सगे भाईयों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियार, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। मारपीट में दोनों परिवारों के कई लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ईंट फेंकने के विवाद से शुरू हुआ खूनी संघर्ष

पहले पक्ष के योगेश चंद्र वर्मा, निवासी हार्टमैन कॉलेज रोड, का आरोप है कि उनके बड़े भाई सुभाष चंद्र वर्मा ने पहले उनके घर की ओर ईंटें फेंकीं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सुभाष ने लोहे की धारदार रेती से उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी और बेटा भी हमले की चपेट में आ गए। योगेश का आरोप है कि सुभाष की पत्नी संतोष और बेटी अंशी भी मारपीट में शामिल हो गईं। तीनों ने मिलकर लोहे की रेती से लगातार हमला किया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह उनका बेटा घर से बाहर निकला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भेजा।

दूसरे पक्ष का आरोप, घर में घुसकर किया जानलेवा हमला

वहीं दूसरे पक्ष के आशुतोष वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते उनके चाचा योगेश चंद्र वर्मा, चाची सर्वेश वर्मा और चचेरे भाई अनुराग वर्मा लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार लेकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि तीनों ने उनके माता-पिता और बहन पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी मां के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि पिता भी घायल हो गए। आशुतोष का कहना है कि घायल माता-पिता को महेंद्र गायत्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है, जिसे वह पुलिस को उपलब्ध कराएंगे। उनका आरोप है कि हमला पूरी योजना के तहत किया गया।

दोनों पक्षों पर मुकदमा, पुलिस जुटी जांच में

प्रेमनगर पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस उपलब्ध वीडियो फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। जांच में जो भी पक्ष दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *