रायबरेली। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित शाश्वत नर्सिंग होम में टॉन्सिल के ऑपरेशन के बाद 10 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए लखनऊ के अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को ब्रेन डेड घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार ने नर्सिंग होम संचालक डॉक्टर अमित सिंह पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों के मुताबिक बच्ची को टॉन्सिल की समस्या थी, जिसके इलाज के लिए उसे शाश्वत नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर अमित सिंह ने सामान्य ऑपरेशन बताते हुए सब कुछ ठीक होने का भरोसा दिलाया था। आरोप है कि ऑपरेशन के कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, लेकिन नर्सिंग होम की ओर से समय रहते उचित उपचार नहीं किया गया और न ही परिजनों को उसकी वास्तविक स्थिति की जानकारी दी गई।

परिवार का कहना है कि बच्ची की हालत लगातार खराब होती रही। जब स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई तो उसे निजी एंबुलेंस से लखनऊ के अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया।

पिता बोले- डॉक्टर ने सही जानकारी नहीं दी

बच्ची के पिता शरद सिंह ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने ऑपरेशन को सामान्य बताते हुए आश्वस्त किया था, लेकिन बाद में बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर न तो सही इलाज किया गया और न ही दवाइयों एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि यदि समय पर उचित इलाज मिलता तो शायद उनकी बेटी की हालत इतनी गंभीर नहीं होती।

डीएम से लगाई न्याय की गुहार

घटना से आक्रोशित परिजनों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, दोषी डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और शाश्वत नर्सिंग होम का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है।

सीओ बोले- जानकारी मिलने पर होगी जांच

रायबरेली सिटी सीओ आशीष निगम ने कहा कि उन्होंने हाल ही में कार्यभार संभाला है और फिलहाल उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। यदि शिकायत प्राप्त होती है तो नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शाश्वत नर्सिंग होम के संचालक डॉक्टर अमित सिंह से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बताया गया कि वह बैठक में व्यस्त हैं। उनकी ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *