बरेली। देवरनिया नगर पंचायत में कथित वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत के बाद चेयरमैन और सभासदों के बीच विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। सभासदों ने आरोप लगाया है कि कमिश्नर और डीएम से शिकायत करने से नाराज चेयरमैन कलीम अंसारी अपने भाई और बेटे के साथ देर रात पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चेयरमैन, उनके पुत्र और भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अनियमितताओं की शिकायत के बाद बढ़ा विवाद
सभासद मोहम्मद खालिद पुत्र अली अहमद ने बताया कि नगर पंचायत के कई सभासदों ने चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी (ईओ) पर कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मंडलायुक्त और जिलाधिकारी से शिकायत की थी। शिकायत में मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की गई थी।
देर रात घर पहुंचकर मारपीट का आरोप
आरोप है कि शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे सभी सभासद खालिद अंसारी के घर बैठे हुए थे। इसी दौरान चेयरमैन कलीम अंसारी अपने भाई सकील अंसारी और पुत्र अजीम अंसारी के साथ वहां पहुंचे। सभासदों का आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
चेयरमैन, बेटे और भाई पर एफआईआर
देवरनिया थाना पुलिस ने सभासदों की तहरीर के आधार पर चेयरमैन कलीम अंसारी, उनके पुत्र अजीम अंसारी और भाई सकील अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।