पीलीभीत। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह 21 वर्षीय युवक का शव घर के बाहर ग्रिल से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

मृतक की पहचान कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव निवासी 21 वर्षीय रूपलाल पुत्र मोतीराम के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब दो माह पहले हुई थी। बताया गया कि उसकी पत्नी पिछले एक सप्ताह से अपने मायके बक्शपुर गांव में रह रही थी।

पत्नी से मिलने ससुराल गया था युवक

परिजनों के अनुसार गुरुवार को रूपलाल अपनी पत्नी से मिलने ससुराल गया था। वहां से वापस लौटने के बाद रात में उसने घर के बाहर ग्रिल से फंदा लगाकर जान दे दी। आत्मघाती कदम उठाने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुक्रवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने घर के बाहर ग्रिल से शव लटका देखा तो गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया।

दूसरे घर में थे परिवार के सदस्य

बताया गया कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य गांव के बाहर स्थित दूसरे घर में थे। इसी कारण रात में किसी को घटना की भनक नहीं लग सकी। सुबह घटना सामने आने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ अजय यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *