बरेली रोडवेज

बरेली। रक्षाबंधन पर भाइयों की कलाई पर राखी बांधने निकली बहनों का सफर आसान बनाने के लिए रोडवेज और रेलवे ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। रोडवेज 100 अतिरिक्त बसें सड़कों पर उतारेगा, जबकि कई नियमित बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। खास बात यह है कि इस बार गांव-देहात के यात्रियों पर भी फोकस किया गया है। वहीं रेलवे ने भी छह रक्षाबंधन विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारी की है।

इस बार रक्षाबंधन 28 अगस्त को है। त्योहार पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रोडवेज 26 से 30 अगस्त तक अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। शहरों के प्रमुख रूटों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्याप्त बस सेवा उपलब्ध कराने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जरूरत के अनुसार लंबी दूरी की बसों को भी ग्रामीण रूटों से निकालने की तैयारी है।

डायवर्जन के बीच नहीं थमेंगी बसें, तय होंगे नए रूट

28 अगस्त को शुक्रवार होने के कारण 31 अगस्त सोमवार तक रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी प्रभावी रहने की संभावना है। ऐसे में रोडवेज के सामने बसों का सुचारू संचालन बड़ी चुनौती होगा। क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने बताया कि रूट डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए जा रहे हैं। प्रयास है कि डायवर्जन के बावजूद यात्रियों को बस सेवा मिलने में परेशानी न हो। रक्षाबंधन पर शासन की ओर से हर वर्ष महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा भी दी जाती है। ऐसे में सामान्य दिनों की तुलना में बस अड्डों पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसी दबाव को देखते हुए अतिरिक्त बसों के साथ जरूरत वाले रूटों पर फेरों की संख्या बढ़ाने की योजना बनाई गई है।

रेलवे की सौगात, अप-डाउन में छह स्पेशल ट्रेनें

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने भी रक्षाबंधन की भीड़ संभालने के लिए छह विशेष ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की है। सीनियर डीसीएम महेश यादव के मुताबिक अप और डाउन दिशा में विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। 04330 हरिद्वार-लखनऊ रक्षाबंधन स्पेशल हरिद्वार से दोपहर 3:10 बजे रवाना होकर रात 8 बजे बरेली पहुंचेगी और रात 12:10 बजे लखनऊ पहुंचेगी। 04319 लखनऊ-हरिद्वार स्पेशल लखनऊ से रात 1:15 बजे चलेगी, तड़के 5:36 बजे बरेली और सुबह 11:55 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।

बरेली से रुड़की के लिए भी स्पेशल ट्रेन

04321 बरेली-रुड़की विशेष ट्रेन बरेली से सुबह 7:20 बजे चलकर दोपहर 2 बजे रुड़की पहुंचेगी। वापसी में 04322 रुड़की-बरेली विशेष ट्रेन दोपहर 2:30 बजे रुड़की से रवाना होकर रात 11 बजे बरेली पहुंचेगी। इसके अलावा 04319 बरेली-रुड़की विशेष ट्रेन सुबह 10:40 बजे बरेली से रवाना होकर शाम 5:15 बजे रुड़की पहुंचेगी। वापसी में 04320 रुड़की-बरेली विशेष ट्रेन शाम 6:20 बजे रुड़की से चलकर रात 1:20 बजे बरेली पहुंचेगी। इन विशेष सेवाओं से रक्षाबंधन पर बरेली समेत आसपास के जिलों के हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *