up newsपुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

बरेली। नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) में टेंडर दिलाने का झांसा देकर बरेली के एक डॉक्टर से 20 लाख रुपये की ठगी के मामले में बारादरी पुलिस ने आरोपी तेजपाल सिंह उर्फ तेजवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मथुरा के मॉट थाना क्षेत्र स्थित उसके घर से पकड़ा। जांच के दौरान साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में बीएनएस की तीन और धाराएं बढ़ाई गई हैं।

बारादरी के न्यू आवास विकास कॉलोनी निवासी डॉक्टर विविध कुमार सिंह ने 15 जून 2026 को बारादरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि तेजपाल सिंह उर्फ तेजवीर सिंह, भूदेव और पीयूष सारास्वत समेत अन्य लोगों ने उन्हें NSG में टेंडर दिलाने का भरोसा दिया। आरोपियों ने अलग-अलग समय पर नकद, चेक और फोन-पे के जरिये उनसे कुल 20 लाख रुपये ले लिए, लेकिन टेंडर नहीं दिलाया। शिकायत पर बारादरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 336(3), 340(2) और 338 बीएनएस की भी बढ़ाई गई है।

मथुरा के दीपा नंगला में दबिश, घर से गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ नगर तृतीय शिवम आशुतोष के पर्यवेक्षण में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई थी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर बारादरी पुलिस मथुरा पहुंची और मॉट थाना क्षेत्र के ग्राम दीपा नंगला स्थित घर से तेजपाल सिंह उर्फ तेजवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका और पूरे नेटवर्क को लेकर विवेचना जारी है।

धोखाधड़ी समेत पांच पुराने मुकदमों का रिकॉर्ड

बारादरी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि तेजपाल सिंह के खिलाफ मथुरा और गाजीपुर में पहले से पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें धोखाधड़ी, जालसाजी, दुष्कर्म, अमानत में खयानत और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी पूर्व में जेल भी जा चुका है। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी कथित तौर पर लोगों को अपनी बातों में फंसाकर रुपये लेता था और बाद में रकम वापस नहीं करता था। पुलिस अब इस मामले में नामजद अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

बारादरी पुलिस की टीम ने की कार्रवाई

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह, जोगी नवादा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कुशल पाल, कांस्टेबल पवन नागर और कांस्टेबल मयंक शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों और संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *