bareillyकांवड़ियों ने हाईवे किया जाम

शाहजहांपुर। खुटार-गोला बाईपास मार्ग पर शुक्रवार शाम कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गांव महुरैया के पास तेज रफ्तार कार ने पैदल कांवड़ लेकर जा रहे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। हादसे में बरनई गांव निवासी दीपक की मौत हो गई, जबकि विकास और पीलीभीत के दीनदयाल घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से भड़के कांवड़ियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खुटार-गोला मार्ग पर जाम लगा दिया। हालात को देखते हुए कई थानों की पुलिस मौके पर बुलानी पड़ी।

गांव बरनई से 45 कांवड़ियों का जत्था 11 अगस्त को ट्रैक्टर में दो ट्रालियां जोड़कर कछला घाट गया था। 12 अगस्त को श्रद्धालु वहां से कांवड़ में गंगाजल लेकर गोला के लिए रवाना हुए। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे जत्था खुटार-गोला बाईपास मार्ग से गुजर रहा था। ट्रैक्टर-ट्राली आगे चल रही थी, जबकि उसके पीछे श्रद्धालु कांवड़ लेकर पैदल चल रहे थे।

महुरैया के पास कार ने मारी टक्कर, दीपक की मौत

गांव महुरैया के पास एक कार ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में दीपक, विकास और पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पुरेना निवासी दीनदयाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से तीनों को सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। विकास और दीनदयाल को इलाज के लिए पीलीभीत भेजा गया है। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग निकला। इससे कांवड़ियों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पहले घटनास्थल पर विरोध किया और बाद में खुटार-गोला मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। इसी दौरान गोला जा रहे और वहां से लौट रहे अन्य कांवड़िये भी जाम में शामिल हो गए, जिससे मौके पर भीड़ बढ़ती चली गई।

कई थानों की फोर्स बुलाई, एसपी ग्रामीण ने संभाला मोर्चा

जाम और बढ़ती भीड़ की सूचना पर सीओ प्रवीण मलिक मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए बंडा और पुवायां थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा भी मौके पर पहुंचीं और कांवड़ियों से बातचीत की। प्रदर्शनकारी कांवड़िये टक्कर मारने वाली कार और उसके चालक को जल्द पकड़ने की मांग पर अड़े रहे। हादसे में जान गंवाने वाला दीपक पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर परिजन भी खुटार पहुंच गए, जबकि घायल विकास और दीनदयाल के परिजन पीलीभीत रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *