बरेली। बिथरी चैनपुर के नरियावल में आरा मशीन की आड़ में तेल के अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है। पूर्ति विभाग की टीम ने छापा मारकर करीब 2 हजार लीटर संदिग्ध पेट्रोलियम पदार्थ बरामद किया। मौके पर आठ ड्रम, सात कैन और दो लोहे के कीप पड़े मिले। टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद एक युवक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बरामद तेल और वाहन पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए हैं।
मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे पूर्ति विभाग को सूचना मिली कि नरियावल में आरा मशीन परिसर के अंदर बड़ी मात्रा में तेल जमा किया गया है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची। साथ में बिथरी चैनपुर थाने की पुलिस भी थी। टीम ने परिसर में तलाशी शुरू की तो वहां तेल से भरे ड्रम और कैन देखकर अधिकारी भी चौंक गए।
ड्रम-कैन के बीच खड़ी थी गाड़ी, टीम देखते ही भागा युवक
परिसर में वाहन खड़ा था। उसके आसपास कई ड्रम और कैन रखे थे। टीम आगे बढ़ी तो वाहन में मौजूद युवक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। इसके बाद टीम ने ड्रम और कैन की जांच की। उनमें भरे पदार्थ से डीजल जैसी गंध आने की बात सामने आई। पास में दो लोहे के कीप भी मिले, जिससे मौके पर तेल निकालने या भरने की गतिविधि का शक और गहरा गया। पूर्ति विभाग के मुताबिक मौके पर करीब 200 लीटर क्षमता वाले आठ ड्रम और करीब 50 लीटर क्षमता वाले सात कैन मिले। इनमें भरा पदार्थ संदिग्ध पेट्रोलियम पदार्थ बताया गया है। टीम ने इसके नमूने सील कर दिए हैं। अब प्रयोगशाला जांच से पता चलेगा कि बरामद पदार्थ असल में क्या है और उसमें किसी तरह की मिलावट है या नहीं।
परिसर अनवर का, फोन किया तो नहीं उठा
पूछताछ में सामने आया कि आरा मशीन का परिसर अनवर निवासी ठिरिया निजावत खां का है। विभागीय अधिकारियों ने अनवर से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। वह मौके पर भी नहीं पहुंचा। इसके बाद विभाग ने अनवर और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई के बाद पूर्ति विभाग ने बरामद आठ ड्रम, सात कैन, दो लोहे के कीप, सील किए गए नमूने और वाहन पुलिस के हवाले कर दिया। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में संदिग्ध तेल वहां क्यों रखा गया था और इसका इस्तेमाल कहां किया जाना था।
डीएम की मंजूरी के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। पत्रावली जिलाधिकारी अविनाश सिंह के पास भेजी गई। 13 अगस्त को मंजूरी मिलने के बाद पूर्ति निरीक्षक शिखा तिवारी ने बिथरी चैनपुर थाने में अनवर और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अब फरार युवक की तलाश में जुट गई है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद संदिग्ध पेट्रोलियम पदार्थ कहां से आया था और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। आरा मशीन परिसर में लंबे समय से इस तरह का भंडारण तो नहीं हो रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है। अब पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ तेल के इस कथित काले खेल से जुड़े दूसरे नाम सामने आने की उम्मीद है।