बरेली। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ पर कलेक्ट्रेट परिसर में तिरंगा शान से फहराया गया। डीएम अविनाश सिंह ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों-कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों के साथ राष्ट्रगान किया। उन्होंने आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है। भाषावाद, क्षेत्रवाद और जातिवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद को अपनाना ही देश को मजबूत बनाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस गौरव और उल्लास का पर्व होने के साथ उन राष्ट्रभक्तों के बलिदान को याद करने का अवसर भी है, जिन्होंने आजादी के लिए यातनाएं सहीं और अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। देश की सबसे बड़ी ताकत युवा और बच्चे हैं। सभी को ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
सूर्य से सैटेलाइट तक भारत की ताकत
डीएम ने कहा कि भारत आज सूर्य से लेकर सैटेलाइट तक अपनी क्षमता का लोहा मनवा रहा है और तेजी से आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। कोई ऐसा काम नहीं होना चाहिए जिससे किसी की भावनाएं आहत हों या देश की मान-मर्यादा पर आंच आए। उन्होंने कहा कि भाषा, क्षेत्र और जाति के आधार पर बंटने के बजाय राष्ट्रवाद की भावना मजबूत करनी होगी। हर फैसला और हर काम करने से पहले देशहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।
बुजुर्ग मां-बाप को घर से निकालना हमारी संस्कृति नहीं
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने बुजुर्ग माता-पिता की उपेक्षा पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग मां-बाप शिकायत लेकर आते हैं कि बच्चों ने उन्हें घर से निकाल दिया। जिस संस्कृति में माता-पिता की परिक्रमा को सभी तीर्थों के समान माना गया है, उसमें बुजुर्गों का अनादर चिंताजनक है। अपनी संस्कृति, सभ्यता और संस्कारों को बचाकर रखना होगा।
2047 के विकसित भारत के संकल्प में निभाएं भागीदारी
डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। राष्ट्रवाद से बड़ा कोई वाद नहीं है। देश की मान-मर्यादा की रक्षा और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन ही राष्ट्र के प्रति सच्ची जिम्मेदारी है। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित अनिल साहनी, प्रीति अरोड़ा, राशि आनंद, नवाब लियाकत अली, मुस्तफा अली खान, शगुफता खान, अजय भारत, मिथलेश ठाकुर, डॉ. जानसन सरन, शालिनी सक्सेना, असद मसूद, किरन आजाद, उर्मिला असद, विमल जौहरी, जयपाल और शालिनी मिश्रा को जिलाधिकारी ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
देशभक्ति गीतों से गूंजा कलेक्ट्रेट
द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। डीएम ने छात्रा अंकिता जौहरी, सौम्या कसौधन, इशिका कश्यप, मानवी, कामिनी, जैशी, जुबिया, नव्या रस्तोगी व यशिका अग्रवाल के साथ शिक्षिका श्रुति प्रज्ञानन, श्राबोनी भट्टाचार्य और कर्मचारी देवेंद्र कुमार को पुरस्कृत किया। एसआई अभियोजन ओमपाल सिंह, मुख्य आरक्षी अमित कुमार व कुसुम तथा होमगार्ड संदीप मिश्रा और धीरेन्द्र पाल सिंह को भी सम्मानित किया गया। समारोह में एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा समेत कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।