up newsएआई से बनाई गई फोटो।

बरेली। श्रावण के तीसरे सोमवार को नाथ नगरी में शिवभक्ति का नजारा पिछली बार की तरह इस बार भी जमीन से लेकर आसमान तक दिखाई देगा। सातों नाथ मंदिरों में जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से फूल बरसेंगे। कछला घाट से लेकर नाथ मंदिरों तक कांवड़ियों का हवाई अभिनंदन होगा। इसी हेलीकॉप्टर से अफसर कांवड़ यात्रा मार्ग और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था भी आसमान से परखेंगे।

डीएम अविनाश सिंह ने बताया तीसरे सोमवार को शहर के सातों नाथ मंदिरों में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इस बार जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत को खास बनाने की तैयारी है। हेलीकॉप्टर सातों नाथ मंदिरों के ऊपर पहुंचेगा और वहां मौजूद कांवड़ियों व श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की जाएगी। फूलों की बारिश के बीच शिवभक्त भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

कछला से नाथ नगरी तक कांवड़ियों का आसमान से स्वागत

पुष्प वर्षा केवल नाथ मंदिरों तक सीमित नहीं रहेगी। कछला गंगा घाट से जल लेकर बरेली की ओर बढ़ने वाले कांवड़ियों पर भी आसमान से फूल बरसाए जाएंगे। कछला घाट से नाथ मंदिरों तक प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर के जरिए पुष्प वर्षा की तैयारी है। तीसरे सोमवार की कांवड़ यात्रा में यह सबसे बड़ा आकर्षण होगा।

फूल भी बरसेंगे, आसमान से सुरक्षा का रियलिटी चेक भी

हेलीकॉप्टर की उड़ान सिर्फ पुष्प वर्षा तक सीमित नहीं होगी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी इसी दौरान कांवड़ यात्रा मार्गों और शिव मंदिरों की व्यवस्थाओं का हवाई सर्वे करेंगे। ऊपर से भीड़ का दबाव, यातायात की स्थिति और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम देखे जाएंगे। जहां दबाव या अव्यवस्था नजर आएगी, वहां जमीन पर तैनात टीमों को तत्काल व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए जा सकेंगे।

तीसरे सोमवार पर नाथ नगरी में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

श्रावण के तीसरे सोमवार को कांवड़ियों और स्थानीय श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में सातों नाथ मंदिरों में पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में रहेगा। मंदिर परिसरों से लेकर कांवड़ मार्गों तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर निगरानी रहेगी। प्रशासन का फोकस रहेगा कि भारी भीड़ के बावजूद शिवभक्त बिना परेशानी के मंदिर पहुंचें और सुगमता से जलाभिषेक कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *