बरेली। भीषण गर्मी से जूझ रहे बरेलीवासियों को मंगलवार को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई। जिले में प्री-मानसून ने जोरदार दस्तक दी। तड़के करीब चार बजे शुरू हुई रिमझिम बारिश का सिलसिला सुबह दस बजे के बाद तक जारी रहा। इसके बाद कुछ देर मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद एक बार फिर बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे मौसम और भी सुहावना हो गया। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों ने उमस व गर्मी से राहत की सांस ली।

झमाझम बारिश से लुढ़का पारा

लगातार हुई बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। अधिकतम तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। पिछले कई दिनों से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, जिससे लोग भीषण गर्मी से परेशान थे। सोमवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

रात बदला मौसम, सुबह गरज-चमक के साथ बरसे बादल

सोमवार देर रात मौसम ने करवट ली। तेज हवाएं चलनी शुरू हुईं और मंगलवार तड़के गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। लगातार हुई बारिश से शहर का मौसम सुहावना हो गया और सड़कों पर भी गर्मी का असर कम दिखाई दिया। सुबह बारिश थमने के बाद दोपहर में फिर हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे पूरे दिन मौसम खुशगवार बना रहा।

तीन दिन तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग ने 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी है। अनुमान है कि इस सप्ताह अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज हो सकती है।

लोगों के चेहरे खिले, किसानों की बढ़ी उम्मीदें

बारिश के बाद मौसम खुशनुमा हो गया। लोग घरों से निकलकर ठंडी फिजाओं का आनंद लेते नजर आए। वहीं किसानों ने इस बारिश को खरीफ फसलों के लिए शुभ संकेत बताया। उनका कहना है कि समय पर हुई बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और बुवाई की तैयारियों को गति मिलेगी। लगातार बदलते मौसम और रुक-रुककर हो रही बारिश ने आने वाले दिनों में अच्छी बरसात की उम्मीद भी बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *