बरेली।  शहर के डॉक्टर दंपति के बीच लंबे समय से चल रही वैवाहिक तकरार अब पुलिस और मुकदमे तक पहुंच गई है। शादी के बाद कथित दहेज उत्पीड़न, स्पेशल चाइल्ड के जन्म के बाद बढ़ी दूरियां, पत्नी के अपने सीनियर से संबंध और उसके साथ मलेशिया जाने के पति के आरोप तथा पति की जिंदगी में दूसरी महिला की एंट्री। इन तमाम दावों के बीच रिश्तों की कड़वाहट अब खुलकर सामने आ गई है। महिला डॉक्टर की शिकायत पर प्रेमनगर पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि पति ने पत्नी के आरोपों से इनकार करते हुए अपनी ओर से भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

2010 में शादी, स्पेशल चाइल्ड के जन्म के बाद बढ़ी तल्खी

मेगा मेंशन कॉलोनी निवासी डॉ. खुशबू शर्मा के मुताबिक उनकी शादी दिसंबर 2010 में नंदी हाइट्स, नैनीताल रोड निवासी डॉ. कमल नयन गांगेय से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद ससुराल में दहेज को लेकर उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा। वर्ष 2017 में उन्होंने स्पेशल चाइल्ड बेटे को जन्म दिया। महिला डॉक्टर का दावा है कि इसके बाद पति से रिश्ते और खराब होते चले गए तथा पति ने उनका परित्याग कर दिया। आरोप है कि उन पर कई बार तलाक लेने का दबाव भी बनाया गया।

दूसरी महिला के साथ रहने की खबर मिली तो पुलिस लेकर पहुंचीं पत्नी

डॉ. खुशबू का आरोप है कि दो अगस्त को उन्हें जानकारी मिली कि पति ने उनसे तलाक हुए बिना दूसरी शादी कर ली है और संबंधित महिला गर्भवती भी है। इसके बाद वह पुलिस के साथ पति के अपार्टमेंट पहुंचीं। महिला डॉक्टर के मुताबिक वहां संबंधित महिला पति के साथ रहती मिली। मौके पर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई। इस दौरान पति, उनकी मां और संबंधित महिला के साथ विवाद होने का आरोप भी लगाया गया है। इसके बाद महिला डॉक्टर ने एसएसपी से शिकायत की, जिसके आधार पर प्रेमनगर थाने में पति डॉ. कमल नयन गांगेय समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।

पति का पलटवार—सीनियर से संबंध और मलेशिया जाने का लगाया आरोप

विवाद में डॉ. कमल नयन गांगेय ने भी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पत्नी के अपने एक सीनियर से संबंध थे और वह उनके साथ मलेशिया भी जा चुकी हैं। पति का दावा है कि इन बातों के सामने आने के बाद दोनों के रिश्ते बिगड़ते चले गए और वर्ष 2024 में उन्होंने तलाक का मुकदमा दाखिल कर दिया। उनका आरोप है कि पत्नी तलाक के मामले को लंबित कर रही हैं।

दूसरी शादी से इनकार, लिव-इन रिलेशन की बात स्वीकारी

डॉ. कमल नयन ने दूसरी शादी करने के पत्नी के आरोप को खारिज किया है। हालांकि उन्होंने दूसरी महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने की बात स्वीकार की है। दूसरी ओर पत्नी ने पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और गंभीर बीमारी से जूझ रहे बच्चे को छोड़ने समेत कई आरोप लगाए हैं। दोनों पक्षों के परस्पर आरोपों के बाद अब पूरे मामले की सच्चाई पुलिस की जांच और वैवाहिक विवाद से जुड़ी न्यायिक प्रक्रिया में सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *