बरेली। मोहर्रम जुलूस के दौरान रुपये लुटाने को लेकर बिथरी चैनपुर क्षेत्र के पदारथपुर गांव में ताजियेदारों के बीच हुए बवाल के मामले में पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों से मिले फुटेज के आधार पर पुलिस ने अब तक 15 उपद्रवियों को चिन्हित कर लिया है। करीब 12 वीडियो पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनकी मदद से बवाल में शामिल लोगों की पहचान की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन अधिकांश आरोपी घर छोड़कर फरार हैं।

शुक्रवार शाम पदारथपुर गांव से मोहर्रम का ताजिया जुलूस निकल रहा था। इसी दौरान गांव की प्रधानी से जुड़े दो पक्षों के बीच रुपये लुटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस धक्का-मुक्की में बदल गई और फिर दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। अचानक मचे बवाल से जुलूस में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मारपीट में चार से पांच लोग घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और लाठियां फटकारकर उपद्रवियों को खदेड़ा, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की गहन पड़ताल शुरू कर दी।

सीसीटीवी और मोबाइल वीडियो से खुल रही परतें

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के साथ-साथ लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो भी जुटाए हैं। अब तक मिले करीब 12 वीडियो की जांच में 15 लोगों की पहचान उपद्रवी के रूप में की गई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

तहरीर का इंतजार, समझौते की भी चर्चा

बिथरी चैनपुर पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर मांगी है, लेकिन घटना के दो दिन बाद भी किसी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। क्षेत्र में चर्चा है कि समाज के कुछ प्रभावशाली लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश कराई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि वीडियो साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दबिश से गांव में सन्नाटा, घरों से गायब पुरुष

पुलिस की लगातार दबिश के बाद गांव के अधिकांश पुरुष घर छोड़कर फरार हो गए हैं। कई घरों में ताले लटके हैं, जबकि अधिकांश घरों में केवल महिलाएं और बच्चे ही मौजूद हैं। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। एसओ बिथरी चैनपुर राजेश बाबू मिश्रा ने बताया कि वीडियो के आधार पर चिन्हित किए गए आरोपियों की तलाश जारी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। यदि आवश्यक हुआ तो उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस स्वयं भी विधिक कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed