up newsपुलिस की गिरफ्त में जुआरी।

बरेलीआंवला पुलिस बंद मकान में चल रहा जुए की महफिल पर छापा मारकर 13 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। जुआरियों के पास से 2.54 लाख रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते बरामद हुए हैं। खास बात यह है कि पकड़े गए सभी आरोपी बरेली के नहीं बल्कि बदायूं जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।

सोमवार तड़के आंवला पुलिस को रामवाटिका कॉलोनी में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की भनक लगी। पुलिस टीम ने आटा चक्की के पीछे बने मकान की घेराबंदी कर अचानक दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां जुआ खेल रहे लोगों में खलबली मच गई। हालांकि, किसी को भागने का मौका नहीं मिला और पुलिस ने 13 लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया।

फड़ पर बिखरे थे नोट, गिनती हुई तो निकले 2.54 लाख

छापेमारी के दौरान पुलिस को जुए के फड़ पर बड़ी रकम मिली। नोटों की गिनती कराई गई तो कुल 2.54 लाख रुपये निकले। इसके साथ ही ताश के 52 पत्ते भी पुलिस ने कब्जे में ले लिए। इतनी बड़ी नकदी मिलने के बाद पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यहां जुए की महफिल कब से सज रही थी और मकान में जुआ खिलाने की व्यवस्था किसने की थी। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में मूसाझाग के आकाश उर्फ करू, किशोर, दातागंज के अनीत कुमार सिंह उर्फ लालू, अलापुर के शिवम पाठक और मुखबीर, सिविल लाइंस क्षेत्र के शारिक अली व मोहम्मद आसिफ, उसावा के सुरजीत, तहजीबुल इस्लाम, उझानी के मनोज, मूसाझाग के हाशिम व विवेक कुमार और अलापुर के उमर शामिल हैं। सभी बदायूं जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पकड़े गए कुछ आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। मोहम्मद आसिफ के खिलाफ बदायूं के सिविल लाइंस थाने में वर्ष 2025 का मुकदमा दर्ज है। सुरजीत के खिलाफ उसावा थाने में वर्ष 2015 में हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। तहजीबुल इस्लाम का नाम इससे पहले भी जुए के मामलों में सामने आ चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ वर्ष 2021 और 2022 में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हुए थे। वहीं मनोज के खिलाफ उझानी थाने में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का मुकदमा दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *