बरेली। उर्स-ए-रजवी के आखिरी दिन शनिवार को रजा के दीवानों का ऐसा हुजूम उमड़ा कि शहर की रफ्तार कई घंटे तक थमी रही। इस्लामिया कॉलेज मैदान से लेकर दरगाह आला हजरत तक सड़कें और गलियां जायरीन से खचाखच भरी रहीं। देश-दुनिया से पहुंचे अकीदतमंदों के सैलाब के बीच दोपहर ठीक 2:38 बजे आला हजरत के कुल शरीफ की रस्म अदा की गई। खुसूसी दुआ के लिए लाखों हाथ उठे और इसी के साथ तीन दिवसीय उर्स-ए-रजवी का समापन हो गया।
सुबह से ही जायरीन का कारवां इस्लामिया कॉलेज मैदान और दरगाह की ओर बढ़ता रहा। कुल का वक्त करीब आते-आते प्रमुख रास्तों पर अकीदतमंदों का हुजूम दिखाई देने लगा। कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और शहर की रफ्तार कई घंटे तक थमी रही। गलियों से लेकर मुख्य मार्गों तक रजा के दीवानों का रेला नजर आया।
Table of Contents
कुल की रस्म में उठे लाखों हाथ, तीन दिवसीय उर्स का समापन
शनिवार सुबह छह बजे कुरानख्वानी के साथ आखिरी दिन के कार्यक्रम शुरू हुए। सुबह आठ बजे से महफिल सजी, जिसमें देश-विदेश से आए सज्जादगान और उलमा ने खिताब किया। दोपहर 2:38 बजे आला हजरत के कुल शरीफ की रस्म अदा की गई। कुल के दौरान इस्लामिया मैदान से लेकर दरगाह और आसपास के इलाके अकीदतमंदों से भरे रहे। खुसूसी दुआ के साथ तीन दिवसीय उर्स का समापन हुआ।
सुरक्षा की कमान संभालने मौके पर डटे रहे बड़े अफसर
कुल शरीफ में उमड़ी भारी भीड़ के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी खुद मैदान में डटे रहे। एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी, कमिश्नर शंभू कुमार, डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की कमान संभाली। प्रमुख रास्तों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल मुस्तैद रहा। भीड़ के दबाव वाले इलाकों में लगातार निगरानी रखी गई और अधीनस्थ अधिकारियों को व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
डीआईजी-कमिश्नर ने कई जगह पहुंचकर परखे इंतजाम
डीआईजी अजय कुमार साहनी और कमिश्नर शंभू कुमार ने उर्स क्षेत्र में कई स्थानों का जायजा लिया। इस्लामिया कॉलेज मैदान, दरगाह की ओर जाने वाले रास्तों और भीड़ के अधिक दबाव वाले इलाकों में पहुंचकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था देखी। दोनों अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और जायरीन की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
DM-SSP ने पैदल नापे रास्ते, भीड़ के बीच लेते रहे जायजा
डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने भी अधिकारियों के साथ पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी। इस्लामिया मैदान, दरगाह मार्ग, बिहारीपुर चौकी, इस्लामिया मार्केट और पटेल चौक समेत प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर हालात देखे। दोनों अधिकारियों ने जायरीन, स्थानीय लोगों और दुकानदारों से भी बातचीत की। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी ट्रैफिक अकमल खान, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी और सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।