गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। दिल्ली से सटे खोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े एक बिल्डर पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मास्टर पार्क स्थित एक बिल्डर कार्यालय के बाहर स्कूटी से आए दो नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हालांकि, इस हमले में बिल्डर बाल-बाल बच गए। घनी आबादी वाले इलाके में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
कार्यालय के बाहर रोका और तान दी बंदूक
मिली जानकारी के अनुसार, खोड़ा के मास्टर पार्क में बिल्डर सीताराम का कार्यालय है। रविवार को दिनदहाड़े एक स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों आरोपियों ने खुद को छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था। उन्होंने ठीक सीताराम के दफ्तर के गेट के सामने स्कूटी रोकी और बिना वक्त गंवाए गन निकालकर बिल्डर पर फायर झोंक दिया। निशाना चूक जाने की वजह से गोली सीताराम को नहीं लगी और उनकी जान बच गई। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग और दुकानदार घरों से बाहर आ गए। खुद को घिरता देख दोनों हमलावर स्कूटी से तेजी से फरार हो गए।
वारदात का LIVE वीडियो आया सामने
इस पूरी वारदात का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बेखौफ स्कूटी सवार बदमाश घनी आबादी वाली गली में आते हैं, कार्यालय के सामने रुकते हैं और तमंचा निकालकर सीधे गोली चला देते हैं। दोनों हमलावरों ने हेलमेट लगा रखा था, जिसके कारण फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में रोष
घटना की सूचना मिलते ही खोड़ा थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटी के नंबर और आरोपियों के रूट को ट्रैक करने की कोशिश कर रही है। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर भारी चिंता और रोष है। कुछ दिनों पहले ही इलाके में हुए ‘सूर्या हत्याकांड’ के बाद इस नए गोलीकांड ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले पर पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही दोनों हमलावरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।