बरेली। बहेड़ी थाना पुलिस ने महिलाओं से कुंडल लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुठभेड़ के बाद चार बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य घायल हालत में गिरफ्तार किए गए। बदमाशों के कब्जे से लूटे गए कुंडल, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइकें बरामद हुई हैं। गिरोह के दो सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 18 जून 2026 को चुरेली नहर पुलिया के पास चंद्रपाल अपनी पत्नी और साली के साथ ससुराल से लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने उन्हें घेरकर महिलाओं के कुंडल लूट लिए थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर सर्विलांस, एसओजी और बहेड़ी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी।
सीसीटीवी से मिली सुराग, चेकिंग के दौरान घिरे बदमाश
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। शनिवार रात दरोगा मोहित मावी पुलिस टीम के साथ पचपेड़ा चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर छह संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर वे वापस मुड़कर भागने लगे, जिस पर टीम ने पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस पर झोंके फायर, जवाबी कार्रवाई में दो ढेर हुए जमीन पर
आगे से पुलिस वाहन आते देख बदमाशों ने बाइकें लभेदी गांव की ओर मोड़ दीं, लेकिन तेज रफ्तार के कारण दोनों बाइकें फिसलकर गिर गईं। ललित और सचिन घायल हो गए, जबकि चार बदमाश खेतों की ओर भाग निकले। आरोप है कि भागते समय बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में विकास और सौरभ के पैर में गोली लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े।
चार गिरफ्तार, हथियार और कुंडल बरामद
पुलिस ने विकास, सौरभ, ललित और सचिन को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटे गए एक जोड़ी कुंडल, तीन अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त दो बाइकें बरामद की गईं। फरार दो बदमाशों की तलाश जारी है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।