बरेली। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक शिक्षक ने अपने ही छात्र से छह लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित युवक ने एसएसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद किला पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

किला क्षेत्र के कटघर निवासी अमित कुमार गंगवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वर्ष 2020-21 में एडीएम कंपाउंड के सामने स्थित चंद्रा कोचिंग सेंटर में टीईटी की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान कोचिंग में गणित पढ़ाने वाले शिक्षक सतेन्द्र सिंह ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं और विभिन्न सरकारी विभागों में अच्छी पहुंच होने का दावा करते हुए नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।

गोल्ड लोन लेकर दिए छह लाख रुपये

आरोप है कि शिक्षक ने सरकारी नौकरी दिलाने के बदले छह लाख रुपये की मांग की। नौकरी पाने की उम्मीद में अमित ने गोल्ड लोन लेकर आरोपी टीचर को कुल छह लाख रुपये दे दिए। पीड़ित के अनुसार काफी समय बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो अमित ने शिक्षक से संपर्क किया। शुरुआत में आरोपी उसे थोड़ा और इंतजार करने की बात कहकर टालता रहा। बाद में जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी का रवैया बदल गया।

रुपये मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

पीड़ित का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर शिक्षक ने साफ कह दिया कि पैसे वापस नहीं मिलेंगे। इतना ही नहीं, बार-बार रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि रुपये तो चले गए, अब ज्यादा दबाव बनाया तो जान भी चली जाएगी। मामला एसएसपी अनुराग आर्य तक पहुंचने के बाद किला थाना पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए। पुलिस ने आरोपी शिक्षक सतेन्द्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *