बरेली। संजयनगर में डीजे संचालक अर्जुन मौर्य की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद मंगलवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बड़ी संख्या में पहुंचे परिजनों, रिश्तेदारों और समर्थकों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। लोगों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर लगा लोगों का जमावड़ा

अर्जुन मौर्य का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचते ही सैकड़ों लोग वहां जुट गए। गुस्साए परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के सामने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। इस दौरान काफी देर तक यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

0

एसपी सिटी फोर्स के साथ मौके पर डटे

स्थिति बिगड़ती देख एसपी सिटी मानुष पारीक भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया, लेकिन परिजन कार्रवाई होने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कहते रहे।

सिर में गोली मारकर की गई थी हत्या

गोसाईं गौटिया निवासी अर्जुन मौर्य डेलापीर स्थित एक बरातघर में डीजे का काम करता था। सोमवार रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया और सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही अर्जुन सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

0

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

अर्जुन परिवार का इकलौता बेटा था और डीजे का काम कर घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पिता राकेश मौर्य और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।

डीजे कारोबार से जुड़े बताए जा रहे आरोपी

मृतक के पिता राकेश मौर्य ने आरोप लगाया है कि मोहल्ले के कुश ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। उनकी तहरीर पर पुलिस ने कुश, अर्पित और कपिल समेत अन्य सहयोगियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी भी बरातघर और डीजे के कारोबार से जुड़े हुए हैं।

प्रेम-प्रसंग की चर्चा, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग की चर्चा भी सामने आ रही है, हालांकि परिजनों ने अपनी तहरीर में इसका कोई जिक्र नहीं किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कई संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *